ग्राम पंचायत के राजस्व गांव लोधा की झोपड़ियां में राउप्रा स्कूल और चारभुजा मंदिर के पास आम सड़क पर दो वर्षों से कीचड़ फैला हुआ है। अवरुद्ध नालियों में जमा गंदा पानी ग्रामीणों के लिए बड़ी समस्या बना हुआ है। गांव के इस महत्वपूर्ण रास्ते पर लंबे समय से घरों से निकलने वाला गंदा पानी इकट्ठा होकर रुका हुआ है, जिससे आमजन और स्कूली बच्चों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पिछले सप्ताह पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन वहां अतिक्रमण और खातेदारी की कृषि भूमि होने के कारण उचित कार्रवाई नहीं हो सकी। प्रशासन ने सिवायचक भूमि में गड्ढा खुदवाकर निकासी व्यवस्था सुधारने का प्रयास भी किया, लेकिन नालियों में लगे अवरोधक नहीं हटने से पानी निकासी संभव नहीं हो पाई और पानी वहीं जाम है। गुरुवार को गांव में भूधर लोधा की मौत के बाद उनकी अंतिम यात्रा में शामिल लोगों को दो-दो फीट कीचड़ में से गुजरना पड़ा। पीड़ित परिवार के नरेंद्र लोधा ने बताया कि हालत इतनी खराब थी कि कीचड़ में फिसलन के कारण अर्थी भी गिर सकती थी। हालात देखकर ग्रामीणों ने पंचायत प्रशासन और जिम्मेदार लोगों पर नाराजगी जताई।


