गरगा डैम व स्टेशन के बीच बनेगा स्मार्ट सिटी, बीएसएल देगी 600 एकड़ जमीन

गरगा डैम और रेलवे स्टेशन के बीच खाली पड़ी जमीन पर स्मार्ट सिटी बनेगा। इसे लेकर प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिला प्रशासन ने बीएसएल प्रबंधन को लगभग 600 एकड़ भूमि आवंटित करने के लिए प्रस्ताव दिया है। इसपर बीएसएल प्रबंधन सहमत भी है। स्मार्ट सिटी बन जाने से अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त जहां आवासीय क्षेत्र का विकास होगा। वहीं रेलवे स्टेशन के आसपास स्मार्ट सिटी के बनने से आवागम में भी काफी सुविधा मिलेगी। स्मार्ट सिटी का सपना बोकारो वासियों के लिए जल्दी पूरा होगा। इसके लिए बीएसएल प्रबंधन के साथ मिलकर जिला प्रशासन एक्टिव मोड पर काम कर रहा है। इसे लेकर गुरुवार को बीएसएल प्रबंधन के साथ उपायुक्त अजय नाथ झा की गोपनीय कार्यालय में बैठक भी हुई। उपायुक्त अजय नाथ झा के प्रस्ताव पर त्वरित प्रतिक्रिया देते हुए बीएसएल प्रबंधन ने गरगा डैम और बोकारो स्टील सिटी रेलवे स्टेशन के बीच खाली पड़ी 600 एकड़ जमीन स्मार्ट सिटी निर्माण के लिए देने के लिए सहमति जताई। डीसी ने बीएसएल के सीजीएम कुंदन कुमार को एक सप्ताह के अंदर सहमति पत्र जिला प्रशासन को सौंपने का निर्देश दिया। इसके बाद बीएसएल के प्रस्ताव को राज्य सरकार को भेजा जाएगा। ट्रांसपोर्ट नगर व बस स्टैंड के विकास की भी है योजना बसों व छोटी-छोटी गाड़ियों के लिए बेहतर प्लानिंग के साथ ट्रांसपोर्ट नगर बनाया जाएगा। फ्यूचर प्लान के रूप में निर्माण किया जाएगा। साथ ही नया मोड़ स्थित बस स्टैंड को विकसित करते हुए बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किए जाएंगे। डीसी अजय नाथ झा ने कहा कि प्रस्तावित बस स्टैंड अत्यधिक सुविधाओं से युक्त यात्रियों के लिए आवागमन की दृष्टिकोण से बेहतर होगा। बोकारो हवाई अड्डा परिसर में डीसी अजय नाथ झा की अध्यक्षता में हवाई उड़ान सेवा को लेकर बैठक हुई। हवाई अड्डे के काम की प्रगति की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने बोकारो हवाई अड्डा की सुरक्षा के दृष्टिकोण से दुंदीबाद से अतिक्रमण हटाने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के दृष्टिकोण से हवाई अड्डे के आसपास में बसे दुंदीबाद के सभी अवैध दुकानों को हटाएं। इस संबंध में बीएसएल प्रबंधन और जिला प्रशासन के अधिकारियों को कड़ी हिदायत दी। हवाई अड्डा परिसर के अंदर झाड़ियों की जल्द सफाई का निर्देश दिया। ताकि हवाई अड्डा परिसर में लगे टावर टू टावर की विजिबिलिटी स्पष्ट रहे। डीसी ने सिविल सर्जन को निर्देश दिया कि हवाई अड्डा परिसर के लिए सुरक्षा मानकों के अनुसार टू बेडडे एंबुलेंस क्रय की प्रक्रिया जल्द पूरी करें। मौके पर एसपी हरविंदर सिंह, उप महाप्रबंधक एयरपोर्ट अथॉरिटी रांची मनोज सिंह, निदेशक बिरसा मुंडा हवाई अड्डा रांची विनोद कुमार, प्रशिक्षु वन प्रमंडल पदाधिकारी संदीप शिंदे, सिविल सर्जन डॉ. अभय भूषण प्रसाद आदि थे। गरगा डैम की जमीन का मैप दिखाते अधिकारी। हवाई उड़ान के लिए दुंदीबाद से अतिक्रमण हटाने का सख्त निर्देश

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *