दतिया शहर को सुंदर और स्वच्छ रखने के साथ ही महापुरुषों का सम्मान बनाए रखने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े ने आदेश जारी करते हुए कहा कि अब जिले में किसी भी संत या महापुरुष की प्रतिमा के सामने होर्डिंग, बैनर या फ्लैक्स लगाने की अनुमति नहीं होगी। आदेश के तुरंत बाद यह नियम लागू कर दिया गया है। शहर में मौजूद कई प्रतिमाओं के आगे अक्सर राजनीतिक पार्टियों और निजी संस्थाओं द्वारा विज्ञापन पोस्टर लगाए जाते थे, जिससे मूर्तियां ढक जाती थीं और उनकी गरिमा भी प्रभावित होती थी। इसी वजह से प्रशासन ने कड़ाई से कार्रवाई करने का निर्णय लिया है। जिन 15 प्रमुख स्थानों पर यह निर्देश लागू होगा, उनमें विवेकानंद पटवा तिराहा, गांधी पार्क किला चौक, डॉ. अंबेडकर चौक, भवानी सिंह चौक, गोविंद सिंह चौक, बम-बम महादेव बस स्टैंड, पीताम्बरा मंदिर के पास, मेडिकल कॉलेज के पास, बाल्मीकि समाज पार्क सहित अन्य स्थान शामिल हैं। प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जहां भी ऐसी प्रचार सामग्री लगी है, उसे तुरंत हटाया जाए। कलेक्टर ने स्थानीय निकाय, पुलिस और राजस्व विभाग को निगरानी बढ़ाने और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही नागरिकों से अपील की है कि महापुरुषों के सम्मान में योगदान दें और उनकी प्रतिमाओं के आसपास अव्यवस्था न फैलाएं।


