जच्चाखाना मुरार में अटेंडेंट को वीडियो बनाने से रोकना कर्मचारियों को भारी पड़ा। अटेंडेंट ने कर्मचारियों की पिटाई कर दी। इस मामले में कार्रवाई के लिए मुरार थाने में शिकायती आवेदन दिया गया है। जच्चाखाना मुरार में बुधवार शाम प्रसूता के परिजन पोस्ट ऑपरेटिव वार्ड में वीडियो बना रहे थे। नर्सिंग ऑफिसर ने वीडियो बनाने से मना किया तो बंसीपुरा मुरार निवासी प्रसूता के परिजन नकुल राठौर भड़क गया। उसने कर्मचारियों पर हमला कर उन्हें वार्ड के बाहर ले जाकर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। जिससे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। इस मारपीट में सफाई कर्मी मनोज, विनोद, सुमन, लक्ष्मी और राकेश घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही मुरार थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस के आने से पहले ही आरोपी युवक भाग निकला। इस घटना से नाराज सफाई कर्मचारियों ने काम बंद कर दिया। लगभग 3 घंटे तक अस्पताल में सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप रही। आरएमओ और अस्पताल प्रबंधन ने कर्मचारियों को समझाइश देकर शांत कराया। इसके बाद कर्मचारी वापस काम पर लौटे।


