डीडवाना-कुचामन में गुरुवार को कार व ट्रक की भिड़ंत में NRI युवक और उसके चचेरे भाई की मौत हो गई। भाई और बहन के परिवार से दो युवकों की मौत से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। रोहित प्रजापत (24) की शादी 29 नवंबर को लक्ष्मणगढ़ (सीकर) निवासी नेहा (25) से हुई थी। हादसे में रोहित और उसके बुआ के लड़के मनमीत प्रजापत (27) की मौत हो चुकी है। रोहित का पूरा परिवार इटली रहता है। नागौर से इटली में पिता मुकेश प्रजापत (50) के शिफ्ट होने के पीछे मुख्य वजह उनका परिवार ही था। वे चाहते थे कि उनके दोनों बेटे रोहित और अंकित को बेहतर नौकरी मिल जाए। मुकेश ट्रैक्टर कंपनी में मैकेनिक की नौकरी छोड़कर इटली गए थे। इसके लिए उन्होंने लोगों से 10 लाख रुपए उधार लिए थे। वहीं मनमीत कॉम्पिटिशन एग्जाम की तैयारी कर रहा था। वह लाडनूं उतरने वाला था, लेकिन 14 किलोमीटर पहले ही उसकी जान चली गई। कार के परखच्चे उड़े
डीडवाना-कुचामन में लाडनूं थाना क्षेत्र के निम्बी जोधा पुलिया के पास सुबह 11 बजे कार और ट्रेलर में भिड़ंत हो गई थी। इसमें स्विफ्ट डिजायर कार के परखच्चे उड़ गए। रोहित और मनमीत की मौत हो गई। कार में बैठे ड्राइवर रोमिल पवार पुत्र संजय पवार निवासी सुजानगढ़ (चूरू), मुकेश प्रजापत, उनकी पत्नी पिंकी प्रजापत (47), रोहित की पत्नी नेहा और पूजा (23) पत्नी रविकांत प्रजापत निवासी जसवंतगढ़ (डीडवाना-कुचामन) घायल हो गए। रोहित का छोटा भाई अंकित भी शादी में शामिल होने के लिए इटली से नागौर आया हुआ था। शादी का प्रोग्राम होते ही वह बुधवार शाम को दिल्ली के लिए निकल गया था। वहां से गुरुवार सुबह 10 बजे इटली के लिए फ्लाइट थी। 10 लाख गांव वालों से उधार लेकर पिता गए थे इटली
दरअसल, रोहित के पिता मुकेश प्रजापत पहले एक ट्रैक्टर कंपनी में मैकेनिक थे। आर्थिक स्थिति सही नहीं होने की वजह से उन्होंने इटली जाने का मन बनाया। लोगों से 10 लाख रुपए उधार लिए और गांव छोड़ दिया। इटली के वेनिस शहर में उन्होंने डेयरी फार्म पर काम करना शुरू किया। इसके बाद मुकेश ने अपने परिवार को इटली शिफ्ट करने का प्लान बनाया। सात साल पहले दोनों बेटों को इटली ले गए। रोहित ने वहां ई-सिगरेट बनाने वाली कंपनी में काम किया। अंकित ने भी इटली में ही जॉब शुरू कर दी। जब दोनों बेटे सैटल हो गए तो मुकेश चार साल पहले पत्नी पिंकी को लेकर इटली गए थे। तीन महीने बाद नेहा को इटली ले जाने वाला था रोहित
रोहित और उसका परिवार नेहा को इटली ले जाना चाहते थे। परिवार ने तय कर लिया था कि रोहित शादी के बाद अकेला इटली जाएगा और वहां डॉक्यूमेंट्स तैयार करवाएगा। तीन महीने बाद जब रोहित दोबारा आता, तब वे नेहा को साथ ले जाने वाले थे। इस हादसे के बाद नेहा बेसुध हो गई। उसका हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। इधर, अपने भांजे और बहू के इंतजार में सुजानगढ़ (चूरू) स्थित ननिहाल में पूरे परिवार का इंतजार हो रहा था। नागौर से परिवार मुंह मीठा करवाने की रस्म अदा करने के लिए निकला था। ननिहाल के लोग इंतजार में थे कि ढोल-थाली के साथ बहू का स्वागत करेंगे। लेकिन, इससे पहले ही रोहित के मौत की सूचना आ गई। हादसे के बाद पूरा परिवार हॉस्पिटल पहुंचा। लाडनूं उतरने वाला था मनमीत, 14 किलोमीटर पहले हादसा
हादसे में रोहित की बुआ के लड़के मनमीत की भी मौत हो गई। भाई की शादी में वह नागौर आया हुआ था। गुरुवार को जब पूरे परिवार के सुजानगढ़ (चूरू) जाने का कार्यक्रम बना तो वह भी वहां रुक गया। वह सुजानगढ़ से पहले अपने गांव लाडनूं उतरने वाला था। मां रेणु अपने बेटे के आने का इंतजार कर रही थी। जहां हादसा हुआ, वहां से महज 14 किलोमीटर दूर लाडनूं में मनमीत उतरने वाला था। लेकिन, इससे पहले हादसा हो गया और मौत हो गई। मनमीत अपने पिता की लाडनूं में स्टेशनरी की दुकान में हाथ बंटाता था। साथ ही कॉम्पिटिशन एग्जाम की तैयारी भी कर रहा था। मनमीत इकलौता बेटा था। इस हादसे में भाई और बहन दोनों परिवार के बच्चों की मौत हो गई। …….. ये खबर भी पढ़ें… शादी के 5 दिन बाद NRI दूल्हे की मौत:ओवरटेक करते समय ट्रेलर से भिड़ी कार; कुछ दिन पहले इटली से आया था परिवार डीडवाना-कुचामन में कार और ट्रेलर की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में NRI दूल्हे और उसके चचेरे भाई की मौत हो गई। NRI युवक की 5 दिन पहले शादी हुई थी। इसके लिए कुछ दिन पहले ही परिवार इटली से आया था। (यहां पढ़ें पूरी खबर)


