लुधियाना के जगराओं में एक व्यक्ति से पीवीसी विंडो लगाने के नाम पर 20,000 रुपए की धोखाधड़ी हुई है। आरोपी सेल्जमैन ने एडवांस लेने के बाद न तो विंडो तैयार की और न ही पैसे लौटाए। पीड़ित की शिकायत पर थाना सिटी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी फिलहाल फरार बताया जा रहा है। थाना सिटी के एएसआई बलविंदर सिंह ने बताया कि गोबिंद कॉलोनी निवासी दीपक जैन ने पुलिस को शिकायत दी है। दीपक जैन अपने घर में नई UPVC विंडो लगवाना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने हंबड़ा रोड स्थित एक विंडो कंपनी से संपर्क किया, जिसने अपने सेल्जमैन सुनील पांडे को नाप लेने के लिए भेजा। 47 हजार बताया था खर्च 20 हजार दिए एडवांस दीपक जैन ने पुलिस को बताया कि कंपनी ने विंडो लगाने का कुल खर्च लगभग 47,000 रुपए बताया था। दीपक जैन ने सुनील पांडे को 20,000 रुपए एडवांस के तौर पर दिए। एक महीने बीत जाने के बाद भी न तो विंडो की डिलीवरी हुई न ही पैसे वापस किये। जब पीड़ित ने बार-बार संपर्क करने की कोशिश की, तो आरोपी टालमटोल करता रहा। विंडो न मिलने से घर का निर्माण कार्य हुआ बाधित पीड़ित दीपक जैन का आरोप है कि विंडो न मिलने के कारण उनके घर का निर्माण कार्य बाधित हो गया, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान भी झेलना पड़ा। उसका कहना है कि विंडो के लिए टालमटोल करता रहा जिसकी वजह से वो अन्य जगह से भी नहीं बनवा सके। आरोपी के खिलाफ पर्चा दर्ज थाना सिटी के एएसआई बलविंदर सिंह ने बताया कि शिकायत पर आरोपी सुनील पांडे के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपी की तलाश कर रही है।


