निंबोला ओवरब्रिज पर गन्ना भरी ट्रॉली पलटी, 11 घंटे जाम:इंदौर-इच्छापुर हाईवे पर वाहनों की 8 किमी लंबी कतार; एंबुलेंस भी फंसी रही

बुरहानपुर में इंदौर-इच्छापुर हाईवे पर गुरुवार रात निंबोला रेलवे ओवरब्रिज पर एक गन्ने से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से लंबा जाम लग गया। रात करीब साढ़े आठ बजे हुए इस हादसे के कारण हाईवे पर दोनों तरफ लगभग 8 किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। यह जाम रात साढ़े आठ बजे से शुक्रवार सुबह करीब साढ़े सात से आठ बजे तक, यानी लगभग 11 घंटे से अधिक समय तक बना रहा। इस दौरान सैकड़ों वाहन धीमी गति से रेंगते रहे, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। निंबोला थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। यह घटना बुरहानपुर जिला मुख्यालय से लगभग 8 किलोमीटर दूर ग्राम निंबोला के पास रेलवे ओवरब्रिज पर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक ट्रैक्टर पर दो ट्रॉलियां जोड़कर गन्ना झिरी स्थित शकर कारखाने ले जाया जा रहा था। ओवरब्रिज पर अचानक कुंदा टूटने से ट्रैक्टर-ट्रॉली का संतुलन बिगड़ गया और गन्ना सड़क पर बिखर गया। गन्ना सड़क पर फैलने से आवाजाही प्रभावित हुई
इस दुर्घटना में किसी को कोई चोट नहीं आई। हालांकि, सड़क पर गन्ना फैलने के कारण वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई। जाम में एक एम्बुलेंस भी फंस गई थी, जिसे निंबोला गांव के निखिल पाटिल ने रास्ता बताकर बसाड़ होते हुए इंदौर की ओर रवाना किया। एम्बुलेंस में एक मरीज था। जाम में फंसी यात्री बसों और अन्य वाहनों के चालक व यात्री करीब 11 घंटे तक फंसे रहे। कई वाहन चालकों को ढाबों और हाईवे पर ही रात गुजारनी पड़ी। गौरतलब है कि यह मार्ग फोरलेन बन रहा है, लेकिन कई जगहों पर सड़क की स्थिति खराब है। स्थानीय लोगों ने बताया कि गन्ना परिवहन के दौरान एक ही ट्रैक्टर पर दो ट्रॉलियां जोड़ने से पहले ऐसे हादसे हो चुके हैं। देखिए जाम की तस्वीरें…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *