₹267 की खाद बोरी ₹500 में बिक रही; VIDEO:छतरपुर में किसानों का आरोप- प्रशासन की मिलीभगत से कालाबाजारी हो रही

छतरपुर जिले में खाद की कमी और कालाबाजारी से परेशान किसानों का प्रदर्शन जारी है। बुधवार को सिविल लाइन थाना क्षेत्र की मंडी में खाद खत्म होने पर किसानों ने सड़क जाम कर दी। इस दौरान मौके पर पहुंची तहसीलदार ऋतु सिंघाई ने एक प्रदर्शनकारी महिला और एक अन्य युवती को थप्पड़ मार दिया, जिसका वीडियो सामने आया। किसानों का आरोप है कि 267 रुपए की यूरिया खाद की बोरी 500 रुपए से अधिक में बेची जा रही है। उनका कहना है कि जिला प्रशासन खाद माफियाओं पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है, जिससे वे महंगे दामों पर खाद खरीदने को मजबूर हैं। सटई तहसील से अवैध खाद बिक्री के कई वीडियो भी सामने आए हैं। किसान धनीराम ने बताया कि उन्होंने सटई के लखन असाटी से खाद की बोरी 500 रुपए में खरीदी थी, लेकिन अब वही खाद 520 रुपए में बेची जा रही है। नेवरी गांव से 33 किलोमीटर दूर सटई पहुंचे किसान राकेश ने बताया कि उन्हें एक महीने से मंडी में खाद नहीं मिल रहा था। उन्हें सटई में शराब ठेके के सामने लखन असाटी के यहां 500 रुपए में खाद की बोरी मिली। आरोप- ऐसा प्रशासन की मिलीभगत से हो रहा
किसानों का आरोप है कि जिला प्रशासन की मिलीभगत से खाद को महंगे दामों पर कालाबाजारी में बेचा जा रहा है, जबकि मंडियों में खाद खत्म होने की बात कही जाती है। बुधवार को हुए प्रदर्शन के दौरान तहसीलदार ऋतु सिंघाई के अलावा, नायब तहसीलदार आकाश नीरज और एसडीएम अखिल राठौर भी मौके पर पहुंचे। उनके भी महिलाओं के साथ अभद्रता करने और जेल भेजने की धमकी देने के वीडियो सामने आए हैं। गुरुवार को बिजावर में भी खाद खत्म होने पर किसानों ने डाकखाने चौराहे पर जाम लगा दिया। पुलिस की समझाइश के बाद बड़ी मुश्किल से जाम खोला जा सका। इस संबंध में बिजावर एसडीएम विनय द्विवेदी से बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *