सिंगरौली में जर्जर स्कूल, बच्चे खुले में पढ़ रहे:5 साल से खस्ताहाल इमारत, जांच रिपोर्ट पर कार्रवाई नहीं

सिंगरौली जिले के देवसर विकासखंड स्थित शासकीय प्राथमिक शाला टोपा टोला कुकरावं (कक्षा 1 से 5) के छात्र कई महीनों से खुले आसमान के नीचे पढ़ाई कर रहे हैं। विद्यालय भवन पूरी तरह जर्जर हो चुका है। यह स्कूल भवन पिछले पांच वर्षों से खस्ताहाल है। इसकी छत में बड़ी दरारें आ गई हैं, सरिया बाहर दिखने लगी है और कंक्रीट के टुकड़े गिर रहे हैं। एक कमरे की छत पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए अतिथि शिक्षिका खुले मैदान में कक्षाएं ले रही हैं। बारिश के मौसम में कीचड़ और पानी टपकने से पढ़ाई में बाधा आती है। अगस्त माह में इस भवन की जांच की गई थी। जांच रिपोर्ट में भवन को गिराकर नया निर्माण कराने की सिफारिश की गई थी, लेकिन इस पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। छात्रों को पीने के पानी की भी गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है। हैंडपंप से जंगयुक्त पानी आता है, और नल-जल कनेक्शन वर्ष 2024 से बंद है। मध्यान्ह भोजन योजना के तहत भी मेनू के अनुसार भोजन नहीं दिया जा रहा है। छात्रों को केवल दाल-चावल-सब्जी परोसी जाती है। अभिभावक अपने बच्चों को ऐसे असुरक्षित माहौल में स्कूल भेजने से हिचकिचा रहे हैं। इस मामले में देवसर के बीआरसीसी धनराज सिंह ने बताया कि भवन निर्माण का प्रस्ताव भेजा जा चुका है। जिला शिक्षा अधिकारी एसबी सिंह ने कहा कि स्कूल की मरम्मत की व्यवस्था जल्द की जाएगी। उन्होंने बताया कि बजट के अभाव में कार्य रुका हुआ था, लेकिन अब इस पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *