बालाघाट कलेक्टर मृणाल मीणा ने जिले के स्कूली विद्यार्थियों को बड़ी राहत दी है। अब उन्हें आधार अपडेशन के लिए बालाघाट नहीं आना पड़ेगा। कलेक्टर ने 5 दिसंबर से स्कूलों में ही आधार अपडेशन का काम शुरू करने के निर्देश दिए हैं। दरअसल, परीक्षा से पहले विद्यार्थियों को आधार अपडेट कराने के लिए बालाघाट आना पड़ता था। इससे न केवल विद्यार्थियों, बल्कि पेरेंट्स को भी परेशानी होती थी। इसमें उनका समय और पैसा दोनों खर्च होता था। विद्यार्थियों की इस समस्या को प्रशासन के संज्ञान में लाया गया था। कलेक्टर मृणाल मीणा ने इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए निर्देश जारी किए कि अब छात्रों को आधार केंद्रों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और न ही भीड़ का सामना करना पड़ेगा। कलेक्टर ने अपडेशन कैंप आयोजित करने का निर्णय लिया कलेक्टर मीणा ने बताया कि विद्यार्थियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन ने स्कूल स्तर पर ही आधार पंजीकरण और अपडेशन कैंप आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसके तहत जिले के लगभग सभी विद्यालयों में 05 दिसंबर से आधार कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों में विद्यार्थियों के नए आधार कार्ड बनाए जाएंगे। साथ ही, जिन छात्रों को अपने आधार में मोबाइल नंबर, पता, जन्मतिथि या अन्य जानकारी अपडेट करवानी है, उन्हें भी यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। जिला प्रशासन ने सभी स्कूल प्राचार्यों को अपने-अपने स्कूलों में कैंप की व्यवस्था सुनिश्चित करने और विद्यार्थियों को समय पर जानकारी देने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर के इस आदेश से जिले के हजारों विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। आधार से संबंधित सभी कार्य अब स्कूल परिसर में ही सुगमता और सुविधा के साथ पूरे हो सकेंगे।


