मऊगंज एसपी ने अपराध नियंत्रण की समीक्षा की:थाना प्रभारियों को लंबित मामलों में तुरंत कार्रवाई के दिए निर्देश

मऊगंज जिले में बढ़ते अपराधों पर नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से गुरुवार शाम पुलिस कंट्रोल रूम में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी और एसडीओपी सचि पाठक के नेतृत्व में हुई इस बैठक में जिले के सभी थाना प्रभारी, पुलिसकर्मी और साइबर टीम के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान एसपी सोनी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अपराधों की पेंडेंसी किसी भी स्थिति में लंबित न रहे। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में अब तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, उनमें तत्काल कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। विशेष रूप से एनडीपीएस, महिला संबंधी अपराधों और पोक्सो एक्ट के तहत दर्ज मामलों में समयबद्ध कार्रवाई पर जोर दिया गया। एसपी ने अधिकारियों से कहा कि अपराध दर्ज होने से लेकर आरोपी की गिरफ्तारी तक हर चरण में गंभीरता दिखाना आवश्यक है। उन्होंने सुनिश्चित करने को कहा कि ऐसे मामलों में कोई विलंब न हो, जिससे जनता में पुलिस के प्रति विश्वास बना रहे। एससी-एसटी एक्ट से जुड़े प्रकरणों में भी शीघ्र और निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए टीम बनाकर सर्च ऑपरेशन चलाने, इनामी आरोपियों के नाम सार्वजनिक करने और जनता के सहयोग से उनकी पहचान करने की रणनीति भी तय की गई। एसपी सोनी ने चेतावनी दी कि जिले में कोई भी अपराधी, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई हर हाल में की जाएगी। उन्होंने पुलिस कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि बेहतर कानून व्यवस्था तभी संभव है जब पुलिस जनता का भरोसा जीतकर कार्य करे। अपराध मुक्त वातावरण बनाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है, और इसके लिए सभी अधिकारियों व जवानों को एकजुट होकर काम करना होगा। बैठक में साइबर अपराधों पर भी गहन चर्चा हुई और तकनीकी टीम को इनकी मॉनिटरिंग तेज करने के निर्देश दिए गए। एसपी ने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर मामले में जिम्मेदारी तय की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *