सूरजपुर में XUV-700 ने युवक को कुचला,लोगों ने फूंकी कार:अंबिकापुर-वाराणसी स्टेट हाईवे में हादसा, एक घंटे बंद रहा आवागमन, FIR दर्ज

अंबिकापुर-वाराणसी स्टेट हाईवे में जरही पेट्रोल पंप के पास बीती रात तेज रफ्तार महिंद्रा XUV-700 ने 25 वर्षीय युवक को टक्कर मार दी। युवक एसयूवी के साथ करीब 25 मीटर घिसट गया। हादसे में युवक की मौके पर मौत हो गई। घटना से भड़के लोगों ने XUV 700 को आग के हवाले कर दिया। घटना में XUV वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गई। घटना भटगांव थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, गुरुवार की रात करीब 9 बजे स्टेट हाईवे में ट्रैक्टर में पैरा लोड कर कोरंधा ले जा रहे किसान की ट्राली पेट्रोल पंप के पास पलट गई। किसान द्वारा ट्रैक्टर ट्रॉली को उठाकर उसमें दोबारा पैरा लोड कराया जा रहा था। इस दौरान तेज रफ्तार में पहुंची XUV वाहन मौके पर पहुंची और सड़क पर रखे पैरे में उसने गाड़ी चढ़ा दी। गाड़ी के साथ घिसट गया युवक, मौके पर मौत
XUV 700 वाहन के पैरे में चढ़ने पर दूसरी ओर से पैरा लोड कर रहा युवक हृदय लाल राजवाड़े (25 वर्ष) निवासी कोरंधा, गाड़ी की चपेट में आ गया। XUV वाहन ने उसे करीब 25 मीटर तक घसीट लिया। युवक की मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने XUV वाहन को रोककर घेर लिया। चालक वाहन में ही बंद रहा। घटना की सूचना पर भटगांव थाना प्रभारी सरफराज फिरदौसी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवक के शव को हॉस्पिटल भेज दिया।
पुलिस ने एक्सयूवी 700 के चालक इजेन लकड़ा (23 वर्ष) निवासी गोंदा, प्रतापपुर को कब्जे में ले लिया और उसे लेकर थाने पहुंची। लोगों ने फूंकी गाड़ी, थमा आवागमन
घटना से आक्रोशित लोगों ने पुलिस टीम के लौटने के बाद XUV 700 वाहन क्रमांक सीजी 15 ईएच 2400 में पैरा भर दिया और आग लगा दी। देखते ही देखते XUV वाहन धू-धू कर जलने लगी। आगजनी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। सड़क पर जल रही XUV के कारण दोनों ओर वाहनों का आवागमन रोक दिया। करीब एक घंटे तक गाड़ी जलती रही। इस दौरान मार्ग में आवागमन बंद रहा। पुलिस ने मृत युवक के शव का शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम कराया। शव परिजनों को सौंप दिया गया है। भटगांव थाना प्रभारी सरफराज फिरदौसी ने बताया कि XUV 700 वाहन चालक के खिलाफ FIR दर्ज किया गया है। वाहन में आगजनी करने वालों के खिलाफ अलग से एफआईआर दर्ज की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *