रीवा में बेरोजगार युवक ने की किडनी बेचने की अपील:वीडियो में बोला- रोजगार के लिए 5 लाख चाहिए, कांग्रेस ने सरकार को घेरा

रीवा में एक बेरोजगार युवक ने सोशल मीडिया में अजीबोगरीब अपील कर दी। दरअसल युवक ने वीडियो अपलोड कर किडनी बेचने की पेशकश की। युवक ने कहा कि मैं बेरोजगार हूं। इसलिए मैं अपनी किडनी बेचना चाहता हूं। ताकि मिलने वाले 5 लाख से मैं कोई नया धंधा पानी कर सकूं। ऐसा करने वाले युवक का नाम कमलनयन तिवारी है। देखते देखते ही युवक का वीडियो जमकर वायरल हो गया। जहां युवक के पास किडनी खरीदने के लिए ऑफर आने लगे। कुछ जरूरतमंदों ने युवक की बात को गंभीरता से ले लिया और उसे किडनी खरीदने के लिए कॉल और मैसेज करना शुरू कर दिया। दूसरे वीडियो में बोला- मैं नहीं बेच रहा किडनी
इसके बाद युवक परेशान हो गया। उसने परेशान होकर अब एक वीडियो फिर सोशल मीडिया में अपलोड किया है। जिसमें वह कहता नजर आ रहा है कि अब मुझे 5 लाख मिल गए हैं और वह भी बिना किडनी बेचे। इसलिए मैं अपनी किडनी नहीं बेचना चाहता। इन सब के बीच युवक की हरकत को लोग पब्लिसिटी स्टंट बताने लगे। कुछ लोग इस तरह के वीडियो की आलोचना भी कर रहे हैं। वहीं कुछ लोग इसे सरकार की नाकामी बता रहे हैं। कांग्रेस ने भी इसको लेकर सरकार पर निशाना साधा। कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता विनोद शर्मा ने कहा कि प्रदेश की सरकार युवाओं को रोजगार नहीं दे पा रही है इस वजह से युवाओं को इस तरह के हथकंडे अपनाने पड़ रहे हैं या इस तरह की पेशकश करनी पड़ रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *