MCB में दंतैल हाथी का हमला, ग्रामीण घायल:मवेशियों और फसलों को भारी नुकसान, वन विभाग ने दी दूरी बनाए रखने की सलाह

एमसीबी जिले के खड़गवां वन परिक्षेत्र में गुरुवार रात एक दंतैल हाथी ने उत्पात मचाया। ग्राम सराई झरिया में घर में सो रहे कुम्भकरण नामक ग्रामीण पर हाथी ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल ग्रामीण को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। हाथी के हमले में न केवल ग्रामीण घायल हुआ, बल्कि कई मवेशियों की भी जान चली गई। हमले में तीन गाय, दो बैल और एक भैंस की मौत हो गई, जबकि एक अन्य भैंस गंभीर रूप से घायल हुई है। हाथी ने खेतों में घुसकर फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचाया है, जिसका आकलन वन विभाग की ओर से किया जा रहा है। वन परिक्षेत्र खड़गवां के अनुसार, दंतैल हाथी देवाडाड़ परिसर के कक्ष क्रमांक 622 के ग्राम बेलकामार के बिरनी डाड़ से विचरण करते हुए कक्ष क्रमांक 623 और बीट सकड़ा के कक्ष क्रमांक P607 से गुजरा। इसके बाद यह बीट बहेराबांध के कक्ष क्रमांक 611, 617 से होते हुए आज सुबह बीट बेलबहारा के कक्ष क्रमांक 598 में विचरण कर रहा है। वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और हाथी से उचित दूरी बनाए रखने की सलाह दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *