मंडला नगर के बिंझिया क्षेत्र स्थित मधुरम बेकर्स में गुरुवार देर रात चोरी का प्रयास किया गया। अज्ञात चोर दुकान का शटर तोड़कर भीतर घुसा। उसने छोटे कैश काउंटर को उठाकर बाहर ले जाकर कुछ दूरी पर फेंक दिया। दुकान संचालक रितेश अग्रवाल को शुक्रवार सुबह स्टाफ ने दुकान खुली होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर दुकानदार ने ताले टूटे हुए पाए। सीसीटीवी फुटेज की जांच में एक चोर दिखाई दे रहा है, जो लगभग तीन घंटे तक दुकान के अंदर रहा। फुटेज में चोर को शटर तोड़कर अंदर घुसते और कैश काउंटर को बाहर ले जाते देखा गया। दुकानदार ने बताया कि इस मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट टीम ने दुकान की जांच की है। अंदर का पूरा निरीक्षण होने के बाद चोरी हुए सामानों का सही विवरण सामने आएगा। कोतवाली पुलिस टीम मौके पर मौजूद है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।


