मुंगेली पुलिस ने “ऑपरेशन बाज” के तहत कार्रवाई करते हुए 15 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त ब्राउन शुगर की कीमत 75 हजार रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों से दो मोबाइल और तस्करी में इस्तेमाल की गई बाइक भी जब्त की है, जिसकी कुल कीमत 1.15 लाख रुपए है। दरअसल, 4 दिसंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति एक बाइक पर बिलासपुर से मुंगेली की ओर ब्राउन शुगर की तस्करी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर साइबर सेल और सिटी कोतवाली थाने की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया। टीम को बिलासपुर रोड स्थित गीधा बाईपास पर घेराबंदी और रेड कार्रवाई के लिए रवाना किया गया। दोनों तस्करों से 15 और 5 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त शाम करीब 4:10 बजे, बिलासपुर की ओर से आ रही बाइक (CG 11 AK 2166) को पुलिस टीम ने ग्राम गीधा बाइपास पर रोक लिया। बाइक आदित्य शर्मा और दीपक सिंह छत्री की एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत गवाहों के सामने तलाशी ली गई। आदित्य से 10 ग्राम ब्राउन शुगर (कीमत लगभग 50,000 रुपए), एक मोबाइल और 600 रुपए कैश बरामद हुए। तस्करी में बाइक भी जब्त की गई। वहीं, दीपक सिंह छत्री के पास से 5 ग्राम ब्राउन शुगर (कीमत लगभग 25,000 रुपए), एक एंड्रॉइड मोबाइल, एक कीपैड मोबाइल और 400 रुपए कैश मिले। दोनों आरोपियों से जब्त किए गए मादक पदार्थ, मोबाइल और बाइक की कुल कीमत 1,15,000 रुपए है। आदित्य शर्मा और दीपक सिंह छत्री के खिलाफ सिटी कोतवाली थाने में धारा 21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


