खन्ना में ऑर्गेनिक खेती घोटाला, 10 पर FIR:आरोपियों में हरियाणा के 2 लोग शामिल, अधिक मुनाफे का लालच देकर किसानों से हड़पे रुपए

लुधियाना जिले के खन्ना में ऑर्गेनिक खेती के नाम पर चल रहे करोड़ों रुपए के घोटाले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में 10 और लोगों के खिलाफ नया केस दर्ज किया है। घोटाले के तार पंजाब के अलावा अन्य राज्यों में भी जुड़े होने की आशंका है, जिसकी जांच स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) कर रही है। खन्ना पुलिस के अनुसार, यह नया केस डॉ. मनप्रीत सिंह, निवासी 17-A फ्रेंड्स कॉलोनी, जीरकपुर (मोहाली) की शिकायत पर दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता ने बताया कि ऑर्गेनिक खेती के नाम पर उनसे 29 लाख 70 हजार रुपए की धोखाधड़ी की गई है। यह धोखाधड़ी एक संगठित गिरोह द्वारा की गई। इन लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ नया केस जिन 10 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है, उनमें हरिओम सैनी डाडोला, पानीपत, जनरेशन ऑफ ग्लोबल फार्मिंग के मालिक बिक्रमजीत सिंह गेहलेवाल, लुधियाना, जसप्रीत सिंह जालंधरपुर, परविंदर सिंह और बाबर सिंह निवासी बैना बुलंद, फतेहगढ़ साहिब, नवीन बौस, सोनीपत, ग्लोबल हेड, अवतार सिंह कंग निवासी खिरनिया, अमित खुल्लर निवासी फिरोजपुर, सतविंदर शर्मा उर्फ सोना निवासी भद्दलथूहा और दलवीर सिंह गेहलेवाल शामिल हैं। खेती में अधिक मुनाफे का लालच देकर हड़पे रुपए जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी बिक्रमजीत सिंह और उसके साथी लंबे समय से लोगों को अधिक आय का लालच देते थे। वे ऑर्गेनिक खेती के नाम पर मोटे मुनाफे का झांसा देकर लोगों से अपनी विभिन्न फर्मों के खातों में पैसे जमा करवाते थे। पुलिस को इस बात के सबूत मिले हैं कि यह गिरोह पंजाब, हरियाणा और कई अन्य राज्यों में अपना नेटवर्क फैलाकर आर्थिक अपराध कर रहा था। खन्ना पुलिस ने बताया कि SIT की जांच में अभी और बड़े खुलासे होने की संभावना है। अब तक कई सौ करोड़ रुपए के लेन-देन के रिकॉर्ड पुलिस को मिल चुके हैं। अधिकारियों के अनुसार, यह घोटाला अपने आकार और कार्यप्रणाली के हिसाब से पंजाब के सबसे बड़े आर्थिक अपराध मामलों में से एक बन सकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *