करौली जिले के सायपुर गांव में शुक्रवार सुबह कृषि कार्य के दौरान करंट लगने से पूर्व सरपंच की मौत हो गई। वहीं, परिजनों ने आरोप लगाया कि कृषि कार्य के दौरान अचानक बिजली का तार टूटकर गिरने से वह चपेट में आ गया। शुक्रवार सुबह हुई इस घटना में 38 वर्षीय गणेश चतुर्वेदी गंभीर रूप से झुलस गए थे, जिन्हें जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जिला चिकित्सालय चौकी प्रभारी मोहिंद्र सिंह ने बताया कि सायपुर निवासी गणेश चतुर्वेदी (38) पुत्र चतुर्भुज चतुर्वेदी अपने खेत में काम कर रहा था। मृतक के परिजनों और ग्राम पंचायत सायपुर के पूर्व सरपंच घनश्याम चतुर्वेदी ने आरोप लगाया है कि कृषि कार्य के दौरान अचानक बिजली का तार टूटकर गिरने से गणेश करंट की चपेट में आ गए। युवक को गंभीर अवस्था में परिजन जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे थे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शव को जिला चिकित्सालय की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है, जहां पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक गणेश चतुर्वेदी सायपुर ग्राम पंचायत का सरपंच भी रह चुके था।


