भिवाड़ी पुलिस जिले में रविवार को एरिया डोमिनेशन का विशेष अभियान चलाते हुए कुल 36 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इन बदमाशों में कुछ स्थायी वारंटी तो कुछ गिरफ्तारी वारंटी सहित आबकारी मामलों में वांछित चल रहे थे। पुलिस जिले में सभी थानों की टीमों के द्वारा एक साथ चलाए गए इस अभियान से बदमाशों में हड़कंप मचा रहा। रविवार सुबह शुरू हुई कार्रवाई दिनभर चली और देर शाम करीब 6:30 बजे समाप्त हुई। भिवाड़ी एसपी ज्येष्ठा मैत्रेयी ने बताया कि रविवार को दिन भर चले अभियान के दौरान कुल 36 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जिनमें से 5 ऐसे आरोपी हैं जिनके गिरफ्तारी वारंट जारी हो चुके थे। दो सामान्य मामलों में वांछित चल रहे थे। एक आरोपी आबकारी अधिनियम में वांछित था। इसी तरह अनेक मामलों में फरार चल रहे आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई के बाद 21 अपराधियों के डोजियर भी तैयार किए गए हैं। एसपी ने बताया कि एरिया डोमिनेशन अभियान के तहत की गई कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य किसी विशेष क्षेत्र में अपराधियों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर रोक लगाना और लोगों में सुरक्षा की भावना पैदा करना है। भिवाड़ी पुलिस जिले में एरिया डोमिनेशन की कार्रवाई से जहां अपराधियों में भय पैदा हुआ है तो वहीं आम लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है। एरिया डोमिनेशन की कार्रवाई कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए महत्वपूर्ण है। इससे न केवल अपराध दर में कमी आई है, बल्कि स्थानीय लोगों में सुरक्षा का भाव भी बढ़ा है। भिवाड़ी पुलिस जिले में बदमाशों के प्रति इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


