बैतूल के आमला में भारतीय किसान संघ मध्यप्रदेश के बैनर तले शुक्रवार को किसानों ने अपनी विभिन्न समस्याओं के निराकरण को लेकर प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन आमला जनपद चौराहे पर किया गया, जिसके बाद किसानों ने अपनी मांगों को लेकर एसडीएम शैलेंद्र बड़ोनिया को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने जनपद चौक से तहसील कार्यालय तक एक रैली भी निकाली। किसानों ने कहा कि सरकार के किए गए वादे के अनुसार मक्का की खरीदी 2400 रुपए प्रति क्विंटल की दर से की जाए। साथ ही सोयाबीन फसल के खराब होने से हुए नुकसान की भरपाई के लिए किसानों को मुआवजा दिया जाए। खाद की कालाबाजारी रोकी जाए किसानों ने कृषि पंपों पर लगातार 10 घंटे बिजली देने और मेंटेनेंस के नाम पर होने वाली बिजली कटौती को तत्काल बंद करने की भी मांग रखी। किसान संघ ने यह भी आरोप लगाया कि विभाग की लापरवाही के कारण खाद की कालाबाजारी और फालतू उत्पादों की बिक्री बढ़ रही है, जिसे तुरंत रोका जाना चाहिए। उन्होंने डबल लॉक में बंद विपणन में यूरिया खाद की बिक्री शुरू कराने की मांग की। इसके अतिरिक्त, गन्ना किसानों को 50 रुपये प्रति क्विंटल बोनस दिए जाने और प्रदेश में एक स्पष्ट गन्ना नीति लागू करने की भी मांग की गई। यह ज्ञापन भारतीय किसान संघ तहसील आमला के अध्यक्ष बी. यादव के नेतृत्व में सौंपा गया।


