भास्कर संवाददाता | रायसेन दिसंबर की शुरुआत में तापमान में आई उछाल अब थम गई है। पूर्णिमा के बाद शुक्रवार से हिंदू पंचांग के अनुसार पूस (पौष) माह की शुरुआत होते ही मौसम ने करवट ले ली है। पिछले 24 घंटों में रायसेन का तापमान तेजी से गिरा है। अधिकतम तापमान 2.3 डिग्री नीचे आकर 25.4 डिग्री पर पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 9 डिग्री से फिसलकर 7.0 डिग्री पर आ गया है। मौसम विभाग के अनुसार बर्फीली उत्तरी हवाओं का असर शुक्रवार से जिले सहित पूरे प्रदेश में दिखने लगा है। आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है। पूस की यह ठिठुरन कई पुराने रिकॉर्ड तोड़ सकती है। शुक्रवार को सुबह से शीत लहर चलती रही। इस कारण दिन भर लोग गर्म कपड़ों में ढंके हुए नजर आए।


