गुना में कपड़ा व्यापारी से 9 लाख की ठगी:पहले असली मोती दिखाकर जीता भरोसा; पत्नी के कैंसर का बहाना बना नकली सोना थमाया

गुना शहर के एक व्यापारी के साथ 9 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने व्यापारी को पहले असली सोने के मोती दिखाकर विश्वास में लिया, फिर पत्नी की बीमारी (कैंसर) का बहाना बनाकर 9 लाख रुपए ऐंठ लिए और बदले में नकली सोना थमा दिया। पीड़ित की शिकायत पर धरनावदा थाना पुलिस ने शुक्रवार शाम एफआईआर दर्ज की है। पुलिस के अनुसार, प्रकाश टॉकीज गली निवासी प्रवीण जैन (48) की ‘चिराग कटपीस’ नाम से कपड़ों की दुकान है। करीब दो महीने पहले दो अज्ञात व्यक्ति उनकी दुकान पर कपड़े खरीदने आए थे। उन्होंने प्रवीण को सोने के 2 मोती दाने दिखाए और चेक कराने को कहा। प्रवीण ने सुनार से जांच कराई तो मोती असली निकले। अगले दिन वे लोग आए और अपने मोती वापस ले गए। इसी बहाने उन्होंने व्यापारी का भरोसा जीत लिया। 15 अक्टूबर को फोन कर रूठियाई बुलाया
15 अक्टूबर को दोपहर करीब 3 बजे ठगों ने प्रवीण को फोन किया। उन्होंने झूठ बोला कि उनकी पत्नी की तबीयत बहुत खराब है और उसे कैंसर है। इलाज के लिए पैसों की सख्त जरूरत है। उन्होंने कहा कि “आप 9 लाख रुपए लेकर रूठियाई आ जाओ, हम बदले में सोने की रकम (जेवर) दे देंगे।” सुनार के पास गए तो उड़ गए होश
व्यापारी उनकी बातों में आ गया और पत्नी के साथ 9 लाख रुपए लेकर रूठियाई पहुंच गया। स्टेट बैंक के पास एक गुमटी पर दोनों ठग मिले। उन्होंने पैसे लिए और पोटली में जेवर देकर चले गए। अगले दिन जब प्रवीण ने सुनार को वो जेवर चेक कराए, तो पता चला कि वे नकली हैं। शुक्रवार शाम को दर्ज हुई FIR
ठगी का अहसास होने पर प्रवीण ने उन नंबरों पर कॉल किया, लेकिन वे बंद मिले। इसके बाद उन्होंने पुलिस की शरण ली। शुक्रवार शाम को धरनावदा थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *