17 मई को होगी जेईई-एडवांस्ड 2026 परीक्षा:IIT रुड़की को मिली परीक्षा करवाने की जिम्मेदारी

देश की सबसे प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई-एडवांस्ड 2026 की तिथि घोषित कर दी गई है। इस परीक्षा के माध्यम से देशभर के 23 आईआईटी के कुल 18,160 सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। इस बार परीक्षा 17 मई, रविवार को आयोजित की जाएगी। परीक्षा आयोजन की जिम्मेदारी इस वर्ष IIT रुड़की को सौंपी गई है। शुक्रवार की रात जेईई-एडवांस्ड की आधिकारिक वेबसाइट को अपडेट कर परीक्षा तिथि और आयोजक संस्थान की घोषणा की गई। काउंसलिंग एक्सपर्ट अमित आहूजा ने बताया कि पिछले 20 वर्षों के रिकॉर्ड के अनुसार, हर छह वर्ष में रोटेशन के आधार पर किसी आईआईटी को परीक्षा आयोजन का जिम्मा दिया जाता है। इससे पहले भी छह वर्ष पूर्व IIT रुड़की ने ही इस परीक्षा का सफल आयोजन किया था। गत वर्ष परीक्षा आयोजित करने की जिम्मेदारी IIT कानपुर के पास थी। इससे पहले जेईई-मेन परीक्षा की तिथियां भी जारी की जा चुकी हैं। जेईई-मेन 2026 दो सेशंस में आयोजित होगी—पहला सेशन 21 से 30 जनवरी के बीच और दूसरा सेशन 1 से 9 अप्रैल तक संपन्न होगा। आमतौर पर जेईई-एडवांस्ड की तिथि नवंबर माह में जारी की जाती थी, लेकिन इस वर्ष घोषणा दिसंबर के पहले सप्ताह में की गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *