सतना में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 4.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे पारा 8.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। यह इस सर्दी के मौसम में दिसंबर में पहली बार इतना कम तापमान है। उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं के कारण ठिठुरन में वृद्धि हुई है। शुक्रवार को दिन में तेज धूप खिली, लेकिन शाम ढलते ही ठंड का असर तेज हो गया। शाम 6 बजे के बाद गलन महसूस होने लगी, जिससे लोग गर्म कपड़े, हीटर और अलाव का सहारा लेते दिखे। शुक्रवार को दर्ज न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस सामान्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहीं, अधिकतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री सेल्सियस नीचे है। हवा में सुबह की नमी 81 प्रतिशत और शाम को 40 प्रतिशत दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, सर्द हवाओं के लगातार आने से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। हिमालय में हो रही बर्फबारी का असर सतना समेत पूरे रीवा संभाग में देखा जा रहा है। रीवा संभाग में सबसे कम न्यूनतम तापमान रीवा में 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सतना में 8.6 डिग्री सेल्सियस और सीधी जिले में 9.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। 10 दिन में ऐसा रहा तापमान देखिए तस्वीरें…


