फेसबुक पर दोस्ती फिर ठगी:युवती ने जाल में फंसाया, शेयर ट्रेडिंग से पैसा कमाने का लालच देकर ठगे 12 लाख रुपए

ग्वालियर में फेसबुक पर हुई युवती से दोस्ती एक युवक को 12 लाख रुपए की पड़ी है। युवती ने दोस्ती कर युवक को अपने जाल में फंसाया फिर शेयर ट्रेडिंग में पैसा कमाने का झांसा देकर 12 लाख रुपए की चपत लगा दी। ठग ने विश्वास दिलाने के लिए पहले दिन युवक को दस हजार का प्रॉफिट कराया था। इसके बाद उसके अकाउंट में 91 लाख का फायदा दिखाकर फंसाते चले गए और 12 लाख रुपए ठग लिए। ठगी का अहसास होने पर जब युवक ने अपने रुपए वापस निकालना चाहा तो उससे 16 लाख रुपए और मांगे गए। पीड़ित ने मामले की शिकायत साइबर सेल में की है। पुलिस ने मामला जांच में ले लिया है। शहर के महाराजपुरा स्थित डीडी नगर निवासी अनिल सिंह राजपूत एक प्राइवेट कंपनी में जॉब करता है। कुछ दिन पहले उसकी फेसबुक आईडी पर एक युवती की फ्रेंड रिक्वेस्ट आई थी। जिसे उसने स्वीकार कर लिया। इसके बाद उनके बीच बातचीत होने लगी और गहरी मित्रता हो गई। वह एक-दूसरे से खुलकर बात करने लगे। इसी बीच युवती ने बताया कि क्रिप्टो करेंसी और शेयर में इंवेस्ट करती है और मोटा मुनाफा हो जाता है। उसकी बातों में आकर वह भी तैयार हो गया और उसने युवती का बताया गया एप डाउनलोड कर पैसा लगाना शुरू कर दिया।
शुरूआत में मिले दस हजार
ट्रेडिंग शुरू करते ही उसे मुनाफा होने लगा और पहली बार में ही उसे दस हजार रुपए का प्रॉफिट हुआ और दस हजार खाते में आते ही वह शेयर ट्रेडिंग में इन्वेस्ट करने लगा। धीरे-धीरे उसे काफी मुनाफा होने लगा और वह 12 लाख रुपए इंवेस्ट कर दिया।
91 लाख हुआ प्रॉफिट, तब खुला ठगी का राज
कुछ ही दिन में उसके अकाउंट में 91 लाख का प्रॉफिट नजर आने लगा। जब उसने ऑनलाइन चेक किया तो पता चला कि इतना प्रॉफिट नहीं होना चाहिए था, क्योंकि मार्केट काफी डाउन गया था। इस पर उसे शक हुआ तो उसने उसके अकाउंट में जमा पैसा निकालने का प्रयास किया, लेकिन पैसे नहीं निकल रहे थे। जब उसने कंपनी में संपर्क किया तो उनका कहना था कि रकम निकालनी है तो उसे करीब सोलह लाख रुपए जमा कराना होगा, जब उसने जमा रकम से पैसे काटने को कहा तो कंपनी कर्मचारियों ने उससे इनकार कर दिया। ठगी का समझ आते ही वह साइबर सेल पहुंचा और मामले की शिकायत की। साइबर सेल ने उसकी शिकायत पर जांच शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *