नर्मदापुरम में सड़क हादसे में 2 की मौत:पिपरिया से लौट रहे बाइक सवारों को अज्ञात वाहन ने रौंदा; 1 घंटे तक नहीं पहुंची एंबुलेंस

नर्मदापुरम जिले के शोभापुर क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ग्राम बरेली के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों मृतक गुर्जर समाज के थे और अपने गांव लौट रहे थे। हादसे के बाद 1 घंटे तक एंबुलेंस नहीं पहुंची, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। बाद में पुलिस और ग्रामीणों ने खून से लथपथ शवों को प्राइवेट वाहन से अस्पताल पहुंचाया। जानकारी के मुताबिक, मृतक कमलेश (25) पिता भगवत सिंह गुर्जर और लखन गुर्जर (45) पिता हल्के वीर, दोनों निवासी ग्राम अजेरा (थाना सोहागपुर) हैं। वे शुक्रवार सुबह काम से निकले थे। देर शाम करीब 7 बजे वे पिपरिया से अपने गांव वापस जा रहे थे। तभी ग्राम बरेली के पास सुनसान अंधेरे रास्ते पर किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। एंबुलेंस नहीं आई, प्राइवेट गाड़ी से ले गए शव
टक्कर इतनी भीषण थी कि एक मृतक बाइक के ऊपर ही गिरा मिला, जबकि दूसरा थोड़ी दूर जा गिरा। दोनों खून से लथपथ थे। राहगीरों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। शोभापुर चौकी प्रभारी एसआई सुरेश चौहान मौके पर पहुंच गए, लेकिन कॉल करने के 1 घंटे बाद भी एंबुलेंस नहीं पहुंची। अंत में पुलिस और ग्रामीणों ने शवों को प्राइवेट वाहन से सोहागपुर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अंधेरे का फायदा उठाकर भागा वाहन चालक
हादसा रात के अंधेरे और सुनसान इलाके में हुआ, इसलिए टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान नहीं हो सकी। एसआई सुरेश चौहान ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर वाहन की तलाश शुरू कर दी है। शनिवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *