नया ट्रांसफार्मर जला, 4 महीने से अंधेरे में विजयसोता पंचायत:ग्रामीण बोले- 24 घंटे में ट्रांसफॉर्मर ठीक नहीं हुई तो उग्र आंदोलन करेंगे

शहडोल के पपौंध क्षेत्र की ग्राम पंचायत विजयसोता पिछले चार महीनों से बिजली संकट का सामना कर रही है। गांव को बिजली आपूर्ति करने वाला एकमात्र ट्रांसफॉर्मर बार-बार खराब हो रहा है। हाल ही में लगाया गया नया ट्रांसफॉर्मर भी मात्र एक घंटे में जल गया, जिससे पूरे गांव में फिर से अंधेरा छा गया और ग्रामीणों में आक्रोश है। सरपंच लालमन दहायत ने बताया कि यह ट्रांसफॉर्मर उनके घर के पास लगा है और लगभग 100 घरों की बस्ती को बिजली देता है। पिछले चार महीनों से बार-बार ट्रांसफॉर्मर खराब होने के कारण ग्रामीणों को अंधेरे में रहना पड़ रहा है। इससे बच्चों की पढ़ाई, किसानों की सिंचाई और घरों के दैनिक कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। बिजली समस्या पर ग्रामीण सड़क पर उतरे समस्या से त्रस्त ग्रामीणों ने शुक्रवार को सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। सरपंच लालमन दहायत ने कहा कि ग्रामीणों का धैर्य अब जवाब दे रहा है। उन्होंने बिजली विभाग को चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर नया और सक्षम ट्रांसफॉर्मर नहीं लगाया गया, तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार शिकायतें करने के बावजूद विभाग गंभीरता नहीं दिखा रहा है। ट्रांसफॉर्मर की गुणवत्ता और उसके रखरखाव को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी और ठंड दोनों मौसमों में बिना बिजली रहना एक बड़ी चुनौती है, लेकिन इतने लंबे समय तक बिजली संकट के बावजूद विभाग की निष्क्रियता समझ से परे है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है, ताकि अंधेरे में डूबी विजयसोता पंचायत को जल्द से जल्द राहत मिल सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *