उमरिया के मानपुर गांव में घुसा भालू:बांधवगढ़ प्रबंधन ने 4 घंटे में रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा

उमरिया। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के मानपुर बफर परिक्षेत्र में एक भालू की आवाजाही से ग्रामीण परेशान थे। शुक्रवार रात यह भालू मानपुर के वार्ड क्रमांक 9, इंदिरा कॉलोनी के पीछे एक पेड़ पर चढ़ गया। सूचना मिलते ही टाइगर रिजर्व प्रबंधन सक्रिय हो गया। क्षेत्र संचालक अनुपम सहाय और उपसंचालक पी.के. वर्मा ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन के निर्देश जारी किए। इसके बाद रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और भालू को सुरक्षित पकड़ने की तैयारी शुरू की। लगभग 30 से अधिक अधिकारी और कर्मचारी पूरी रात मौके पर तैनात रहे। करीब चार घंटे की सतर्क निगरानी और अथक प्रयासों के बाद टीम ने भालू को सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर लिया। भालू की उम्र लगभग 4 वर्ष बताई जा रही है और वह नर है। रेस्क्यू के बाद भालू को एक विशेष पिंजरे में रखकर टाइगर रिजर्व के घने जंगलों में ले जाया गया। पिंजरे का गेट खोलने पर भालू दौड़ते हुए सुरक्षित जंगल की ओर चला गया। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के जंगलों में भालू, बाघ और जंगली हाथी सहित कई वन्य प्राणी निवास करते हैं। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वन क्षेत्र या ग्रामीण,शहरी इलाकों के आसपास वन्य प्राणियों की आवाजाही दिखने पर तुरंत सूचना दें, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके। ​​​​​​​

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *