रीवा शहर के शासकीय गांधी स्मारक चिकित्सालय (SGMH) परिसर में शुक्रवार देर रात हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। यहां दो महिलाएं आपस में बुरी तरह भिड़ गईं। दोनों ने एक-दूसरे के बाल खींचे और जमीन पर पटक-पटककर मारा। वहां मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि दोनों महिलाएं गुस्से में एक-दूसरे पर टूट पड़ीं। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मी ने बीच-बचाव कर उन्हें अलग करने की काफी कोशिश की, लेकिन वे नहीं मानीं और एक-दूसरे को मारती रहीं। काफी देर तक अस्पताल परिसर में हंगामा चलता रहा। चरित्र पर टिप्पणी से शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, दोनों महिलाएं अस्पताल में भर्ती मरीजों की अटेंडर बताई जा रही हैं। विवाद की शुरुआत उस समय हुई, जब एक महिला ने दूसरी पर कथित तौर पर चारित्रिक टिप्पणी कर दी। यह बात दूसरी महिला को नागवार गुजरी और बहस मारपीट में बदल गई। फिलहाल इस मामले में संबंधित थाने में किसी भी पक्ष ने लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है। हालांकि, अस्पताल जैसे संवेदनशील क्षेत्र में इस तरह की मारपीट ने वहां की सुरक्षा व्यवस्था और अनुशासन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


