सतना जिले के बाबूपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत बिरहुली गांव में शुक्रवार को दिनदहाड़े एक कार पर गोली चलाई गई। इस घटना में कार का अगला शीशा टूट गया और वाहन के अंदर से एक कारतूस बरामद हुआ है। बाबूपुर चौकी पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीड़ित कार मालिक बलवेंद्र सिंह पिता बलराम सिंह, निवासी बिरहुली ने बाबूपुर चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनकी कार घर के बाहर खड़ी थी। भोजन करने के बाद जब वे बाहर निकले तो कार का फ्रंट शीशा टूटा हुआ था। शुरुआत में उन्हें लगा कि किसी ने पत्थर मारकर तोड़फोड़ की है। हालांकि, जब उन्होंने कार का गेट खोलकर अंदर देखा, तो स्टेयरिंग के पास एक कारतूस पड़ा मिला। कारतूस मिलने के बाद उन्हें यह स्पष्ट हुआ कि यह तोड़फोड़ नहीं, बल्कि गोलीबारी की घटना थी। सूचना मिलने पर शनिवार सुबह बाबूपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस ने कार का निरीक्षण किया और कारतूस को जब्त कर लिया। मौके से प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर यह स्पष्ट है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने कार के शीशे पर गोली दागी, जिससे वह चकनाचूर हो गया। घटना के पीछे का कारण और गोली चलाने वाले की पहचान अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। बलवेंद्र सिंह ने बताया कि उनका किसी से कोई पुराना विवाद नहीं है। इस दिनदहाड़े हुई घटना से उनके परिवार में चिंता का माहौल है। पुलिस संभावित आरोपियों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि मामले का खुलासा हो सके।


