श्रीराम की तपोस्थली को 750 करोड़ से बनाएंगे वैश्विक पर्यटन और धार्मिक केंद्र, पूरा प्लान सबसे पहले भास्कर में भगवान राम की तपोभूमि चित्रकूट को विश्व स्तरीय धार्मिक और पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का प्लान मध्य प्रदेश सरकार ने तैयार कर लिया है। रामायण काल से जुड़े स्थानों और नगर में आधुनिक परिवहन सेवाएं विकसित करने के लिए 750 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसके लिए डीपीआर बनकर तैयार है। पूरे नगर में श्रीराम की छवि होगी। इसके तहत 80 एकड़ में रामायण एक्सपीरियंस पार्क बनाया जाएगा, जिसमें श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण की विशाल मूर्तियां होंगी। रामायण काल के स्थलों के मॉडल, 5डी-3डी होलोग्राम और लाइट-साउंड शो होंगे। आधुनिक सुविधाओं पर भी ध्यान दिया जाएगा। इसके तहत मल्टी फैसिलिटी सेंटर, ट्रैफिक कमांड सेंटर, नई सड़कें, मंदाकिनी नदी पर अतिरिक्त ब्रिज जैसे प्रोजेक्ट्स शामिल किए गए हैं। यहां बनेगा संतों का ध्यान केंद्र, 1 हजार संत ठहर सकेंगे धार्मिक पर्यटन को मिलेगा नया आयाम… परियोजना को धार्मिक महत्व व पर्यटन क्षमता को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया है। डीपीआर के तहत शहर में बस स्टॉप्स, नई सड़कें और पर्यटकों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे। प्रोजेक्ट पूरा होने पर यहां धार्मिक पर्यटन को नया आयाम मिलेगा।
श्रीराम की 151 फीट ऊंची मूर्ति बनेगी
राजोला गांव में 80 एकड़ में रामायण एक्सपीरियंस पार्क बनेगा। इस पर 100 करोड़ रुपए खर्च होंगे। पार्क में भगवान राम की 151 फीट ऊंची मूर्ति बनाई जाएगी। 5डी और 3डी प्रजेंटेशन से रामायण काल की घटनाओं को जीवंत रूप में दिखाया जाएगा।


