डीडवाना-कुचामन में 1566 घरों पर लगे सोलर रूफटॉप:’सूर्य घर योजना’ में मिल रही 78 हजार रुपए तक की सब्सिडी

डीडवाना-कुचामन में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को गति देने के लिए अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (AVVNL) के वृत्त कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अधीक्षण अभियंता एफ.आर. मीणा ने की, जिसमें जिलेभर के सोलर रूफटॉप इंस्टॉलेशन वेंडरों ने भाग लिया। अधीक्षण अभियंता मीणा ने योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए बताया कि डीडवाना-कुचामन वृत्त में अब तक 1566 उपभोक्ताओं के घरों पर सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। इनकी कुल क्षमता 5600.85 किलोवाट है। उन्होंने वेंडरों को कार्य में तेजी लाने और योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। मीणा ने इस अवसर पर कहा कि केंद्र सरकार की यह महत्वाकांक्षी योजना उपभोक्ताओं के बिजली बिल को शून्य करने और उन्हें ऊर्जा आत्मनिर्भरता प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। अधिकारियों ने योजना के तहत मिलने वाली सब्सिडी का भी विस्तार से उल्लेख किया। इसके अनुसार, 1 किलोवाट पर 30 हजार, 2 किलोवाट पर 60 हजार और 3 से 10 किलोवाट तक अधिकतम 78 हजार की सब्सिडी प्रदान की जा रही है। उन्होंने बताया कि सरकारी सहायता से सोलर सिस्टम लगवाना अब पहले से कहीं अधिक आसान हो गया है, जिससे घरेलू उपभोक्ता दीर्घकालीन बचत कर सकेंगे। बैठक में लेखाधिकारी हर्षा सोनी, अधिशासी अभियंता पवन कुमार मीणा, सहायक राजस्व अधिकारी अशोक कुमावत सहित जिले के सभी सोलर वेंडर उपस्थित थे। अधिकारियों ने वेंडरों की समस्याओं पर चर्चा की और निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने पर जोर दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *