बुरहानपुर में हकीमी अस्पताल का लाइसेंस निरस्त:IMA ने उठाए सवाल, 48 घंटे की हड़ताल शुरू

बुरहानपुर में लालबाग रोड स्थित हकीमी अस्पताल का नर्सिंग होम पंजीयन और लाइसेंस शुक्रवार को सीएमएचओ डॉ. आरके वर्मा ने निरस्त कर दिया। यह कार्रवाई 11 नवंबर को अस्पताल में गर्भाशय ऑपरेशन के दौरान जैनाबाद निवासी वैष्णवी नागेश चौहान की मौत के बाद हुई। इस फैसले के विरोध में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) ने 48 घंटे की हड़ताल शुरू कर दी है। मृतका के परिजनों ने अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पांच दिनों तक क्रमिक भूख हड़ताल की थी। शुक्रवार दोपहर सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने आंदोलन स्थल पर पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया था। इसके बाद शाम को सीएमएचओ की ओर से लाइसेंस निरस्त करने के आदेश जारी किए गए। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. आबिद सैयद ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि रजिस्ट्रेशन रद्द करने से पहले कमियों को दूर करने का समय दिया जाता है, लेकिन इस मामले में सीएमएचओ ने सीधे रजिस्ट्रेशन रद्द करने का आदेश जारी कर दिया। IMA इस कार्रवाई के विरोध में 48 घंटे की हड़ताल कर रहा है, जिसमें सभी ओपीडी सेवाएं बंद रहेंगी, हालांकि इमरजेंसी सेवाएं जारी रहेंगी। डॉ. सैयद ने एडीएम की जांच पर सवाल नहीं उठाए, लेकिन यह कहा कि जो कमियां मिली थीं, उन्हें नोटिस में नहीं दर्शाया गया। उन्होंने आशंका जताई कि यह आदेश कहीं न कहीं दबाव में जारी किया गया है। डॉ. कीर्तिका तारवाला ने कहा कि एक मामले के कारण मरीज और डॉक्टर के रिश्ते में आई कड़वाहट को सभी को समझना चाहिए। इस दौरान नगर के कई डॉक्टर मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *