सीहोर SP दीपक कुमार शुक्ला ने यातायात अभियान के तहत अमलाहा टोल प्लाजा पर 150 हेलमेट वितरित किए। इस दौरान उन्होंने चौकी अमलाहा का निरीक्षण भी किया और यातायात सुरक्षा को लेकर निर्देश दिए। मध्य प्रदेश पुलिस के चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी यातायात सुरक्षा अभियान के तहत यह पहल की गई। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों पर चालानी कार्रवाई भी की गई। जिन वाहन चालकों के पास हेलमेट नहीं थे और वे आर्थिक रूप से असमर्थ थे, उन्हें निःशुल्क हेलमेट प्रदान किए गए। लोगों को हेलमेट और सीटबेल्ट के अनिवार्य उपयोग, गति सीमा का पालन करने और नशे में वाहन न चलाने के लिए प्रेरित किया गया। संकेतक चिन्ह और लाइटिंग की व्यवस्था ठीक रखने दिए निर्देश हेलमेट वितरण के बाद एसपी ने चौकी अमलाहा का निरीक्षण किया। उन्होंने चौकी परिसर में वृक्षारोपण के निर्देश दिए। साथ ही, अमलाहा चौकी के अंतर्गत आने वाले हाईवे पर बढ़ती दुर्घटनाओं को देखते हुए ब्लाइंड स्पॉट की पहचान कर उनमें सुधार करने, हाईवे किनारे हो रहे अवैध अतिक्रमण हटाने और मार्ग पर उचित संकेतक चिन्ह और लाइटिंग की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इस कार्यक्रम में टोल मैनेजर वीरेंद्र सिंह चौधरी, नीरज निगम, उमाशंकर पांडे, राजीव निगम, एसडीओपी आकाश अमलकर, थाना प्रभारी आष्टा गिरीश दुबे, चौकी प्रभारी अमलाहा प्रेम सिंह ठाकुर और यातायात प्रभारी शशिकांत शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


