बहरी PHC परिसर में जनरल स्टोर पर दवा बिक्री:मेडिकल एसोसिएशन लामबंद; कार्रवाई न होने पर करेंगे आंदोलन

सीधी जिले के बहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) परिसर में एक जनरल स्टोर पर दवाइयां बेचे जाने का मामला सामने आया है। इसको लेकर मेडिकल एसोसिएशन ने आपत्ति जताई है और कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। यह मामला सिहावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अंतर्गत बहरी PHC परिसर के बगल में स्थित ‘खुशबू जनरल स्टोर’ से जुड़ा है। यहां मरीजों को दवाइयां दी जा रही थीं। इस संबंध में एक वीडियो भी सामने आया था, जिसके बाद शनिवार को मेडिकल एसोसिएशन ने इस पर संज्ञान लिया। आंदोलन की दी चेतावनी सीधी मेडिकल एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष मनोज सिंह चौहान कई सदस्यों के साथ बहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। उन्होंने इस कृत्य को नियम विरुद्ध बताते हुए इसकी कड़ी आलोचना की। उन्होंने प्रशासन और सरकार से इस पर तत्काल कार्रवाई की मांग की और चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करेंगे। जब दुकान संचालक से इस विषय में पूछा गया, तो उन्होंने संतोषजनक जवाब नहीं दिया। डॉक्टर की मिलीभगत आई सामने बातचीत के दौरान कई मरीजों के परिजनों ने आरोप लगाया कि बहरी PHC में पदस्थ डॉक्टर अमित वर्मा की मिलीभगत से अस्पताल से दवाइयां नहीं दी जातीं, बल्कि उन्हें जनरल स्टोर से खरीदने के लिए मजबूर किया जाता है। एक सप्ताह में होगी जांच इस पूरे मामले पर खंड चिकित्सा अधिकारी (BMO) सिहावल, डॉ. रामभूषण पटेल ने बताया कि जांच के लिए एक टीम गठित कर दी गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि एक सप्ताह के भीतर जांच पूरी कर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा और नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *