गुमला में बोलेरो ने बाइक सवार दो भाइयों को कुचला:शादी समारोह से लौटते वक्त हुई घटना, एक की मौत, दूसरा रिम्स रेफर

गुमला जिले के सिसई थाना क्षेत्र में महुआ डीपा के पास एक अज्ञात बोलेरो ने बाइक सवार दो भाइयों को जोरदार टक्कर मार दी। घटना में 35 वर्षीय प्रकाश सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके छोटे भाई 30 वर्षीय प्रवीण सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। मिली जानकारी के बोलेरो की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर मारने के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क पर फैले खून और क्षतिग्रस्त बाइक को देखकर तुरंत पुलिस और परिजनों को सूचना दी। ग्रामीणों ने बिना देर किए दोनों भाइयों को उठाकर सदर अस्पताल गुमला पहुंचाया, लेकिन तब तक प्रकाश सिंह की सांसें थम चुकी थीं। घायल की हालत नाजुक, रिम्स रेफर अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद प्रकाश सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल प्रवीण सिंह को प्राथमिक उपचार देने के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए रिम्स रांची रेफर कर दिया गया। परिजनों और ग्रामीणों ने बताया कि दोनों भाई सिसई प्रखंड के पंडरानी गांव के रहने वाले हैं। वे डोम्बा डुडिया गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। वापसी में जैसे ही वे महुआ डीपा के पास पहुंचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे की खबर गांव पहुंचते ही मातम छा गया। प्रकाश सिंह के परिवार में पत्नी, छोटे बच्चे और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन बोलेरो चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पोस्टमॉर्टम के बाद सौंपा गया शव शनिवार की सुबह पुलिस ने प्रकाश सिंह के शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पोस्टमॉर्टम हाउस से शव घर पहुंचते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में ग्रामीण जुटे। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। बोलेरो वाहन तथा चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *