सिख अपमान विवाद पर AAP ने कार्रवाई की मांग की:रोपड़ में आप सांसद कंग ने कांग्रेस से माफी और रावत के निष्कासन की मांग की

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरक सिंह रावत द्वारा सिख समुदाय पर की गई विवादित टिप्पणी को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) के सांसद मालविंदर सिंह कंग ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। रोपड़ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कंग ने कहा कि रावत की ’12 बज गए’ वाली टिप्पणी सिखों का सीधा अपमान है और यह कांग्रेस का असली चेहरा दिखाती है। मालविंदर कंग ने बताया कि हरक सिंह रावत कोई साधारण नेता नहीं, बल्कि उत्तराखंड में मंत्री रह चुके वरिष्ठ कांग्रेस नेता हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि रावत ने एक सिख व्यक्ति को देखकर ’12 बज गए’ कहकर उनका मज़ाक उड़ाने की कोशिश की, जो सिखों के इतिहास, त्याग और वीरता का अपमान है। ’12 बजे’ का एतिहासिक महत्व AAP सांसद ने ’12 बजे’ के ऐतिहासिक महत्व को भी स्पष्ट किया। उन्होंने बताया कि इतिहास में यह समय तब का प्रतीक है जब सिख योद्धा अब्दाली द्वारा ले जाई जा रही हिंदुस्तानी महिलाओं को बचाने के लिए रात के समय निकलते थे। कंग के अनुसार, यह गर्व का इतिहास है, न कि हंसी-मज़ाक का विषय। कंग ने कांग्रेस पर सिखों के प्रति हमेशा अपमानजनक रवैया रखने का आरोप लगाया। उन्होंने 1984 के सिख विरोधी दंगों, गुरुद्वारों पर हमलों और नेताओं द्वारा सिख बच्चों व धार्मिक प्रतीकों का मज़ाक उड़ाने जैसी घटनाओं का जिक्र किया।कंग ने चेतावनी दी कि सिख समुदाय का अपमान अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कांग्रेस से अपने नेताओं की मानसिकता बदलने को कहा, अन्यथा परिणाम भुगतने की बात कही। उन्होंने राहुल गांधी, पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और प्रताप सिंह बाजवा से तत्काल सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की। इसके साथ ही, कंग ने हरक सिंह रावत को कांग्रेस से तुरंत निष्कासित करने की भी मांग की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *