आगर मालवा में होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा स्थापना दिवस मनाया गया। जिला कमांडेंट कार्यालय में शनिवार को आयोजित इस कार्यक्रम में अपर कलेक्टर आर.पी. वर्मा मुख्य अतिथि थे। कार्यक्रम की शुरुआत प्लाटून कमांडर कमलेश सिंह हाड़ा द्वारा मुख्य अतिथि के स्वागत से हुई। इसके बाद अपर कलेक्टर वर्मा ने परेड की सलामी ली, जिसकी कमान सैनिक अकील खान ने संभाली थी। परेड में होमगार्ड, एसडीईआरएफ, स्काउट-गाइड, एनसीसी और सिविल डिफेंस के दल शामिल हुए। निरीक्षण के बाद परेड ने मार्च पास्ट किया। इस अवसर पर भारत सरकार के राष्ट्रपति, गृह मंत्री, गृह सचिव और महानिदेशक होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा मध्यप्रदेश के संदेशों का वाचन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण होमगार्ड परिवार के आरव राठौर का सम्मान रहा, जिन्हें कक्षा 10वीं (CBSE) में 92 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर मेधावी छात्र पुरस्कार के तहत प्रमाणपत्र और चेक राशि प्रदान की गई। स्वल्पाहार के बाद आपदा प्रबंधन उपकरण और रेस्क्यू सामग्री की एक प्रदर्शनी लगाई गई, जिसका निरीक्षण मुख्य अतिथि ने किया। इसके उपरांत होमगार्ड जवानों के परिवारों और छात्र-छात्राओं के लिए रस्साकशी और चेयर रेस जैसी मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मंच पर सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में सांदिपनी विद्यालय के विद्यार्थियों ने तबला वादन, हारमोनियम वादन और गायन प्रस्तुत किया। होमगार्ड जवानों ने भी देशभक्ति गीत गाए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में प्लाटून कमांडर हाड़ा ने आभार व्यक्त किया और अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट किए गए। पूरे आयोजन का संचालन जिला कमांडेंट विक्रम सिंह के मार्गदर्शन में हुआ। इसमें प्लाटून कमांडर कमलेश हाड़ा, हवलदार बाबूसिंह चंद्रावत, सैनिक घीसुलाल, पवन भीलाला, सोनू और अकील खान ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में होमगार्ड और एसडीईआरएफ के जवानों तथा उनके परिवारों की बड़ी संख्या में उपस्थिति दर्ज की गई।


