झुंझुनूं जिले के मुकुंदगढ़ थाना क्षेत्र में एक बेकाबू कार डिवाइडर पार कर ट्रक से टकरा गई। हादसे में 10 दिन की नवजात बच्ची और उसके ताऊ की मौत हो गई। घटना शनिवार दोपहर 12:15 मिनट की है। मुकुंदगढ़ थाना एएसआई बाबूलाल ने बताया- दोपहर 12:20 पर सूचना मिली कि सीकर-झुंझुनूं हाईवे पर बलारिया मोड के पास एक अर्टिगा कार बेकाबू होकर सड़क डिवाइडर पार कर सामने से आ रहे एक ट्रक से टकरा गई। इस पर टीम मौके पर पहुंची और घायलों को मुकुंदगढ़ अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने एक 10 दिन की नवजात बच्ची और एक युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान मेविश (10 दिन) और मोहम्मद मकसूद (47) निवासी टमकोर (झुंझुनूं) के रूप में हुई। हादसे में 10 दिन की बच्ची की मां, पिता गंभीर घायल हो गए। जिन्हें सीकर रेफर किया गया है। 4 तस्वीरों में देखिए पूरा मामला… 10 दिन पहले बेटी का हुआ था जन्म
पुलिस ने बताया-पूछताछ में सामने आया कि टमकोर निवासी इकरामुद्दीन की पत्नी खैरूनिशा ने 10 दिन पहले जयपुर में जन्म दिया था। इसके बाद से ही खैरूनिशा, जयपुर में अपने जेठ मोहम्मद मकसूद के घर पर ही थी। मोहम्मद मकसूद जयपुर में ही चूडिय़ों का काम करता था। सुबह जयपुर से गांव के लिए निकले थे
शनिवार की सुबह खैरूनिशा और उसकी 10 दिन की बेटी मेविस, नवजात का पिता इकरामुद्दीन, ताऊ मोहम्मद मकसूद जयपुर से टमकोर के लिए निकले थे। इस दौरान गाड़ी मकसूद का भांजा रशीद चला रहा था। बलारिया मोड़ के पास टायर फटने से गाड़ी अचानक बेकाबू हो गई और डिवाइडर पार कर नवलगढ़ से झुंझुनूं आ रहे ट्रक से टकरा गई। इस दौरान रशीद बाल-बाल बच गया। पत्नी के बेहतर इलाज के लिए जयपुर ले गया था
गाड़ी चला रहे रशीद ने बताया-इकरामुद्दीन अपने गांव टमकोर में ही चूडिय़ों का कारोबार करता है। वहीं उसका बड़ा भाई जयपुर में कारोबार करता था। गर्भवती पत्नी के बेहतर इलाज के लिए इकरामुद्दीन उसे जयपुर ले गया था। डिलीवरी के 10 दिन बाद पूरा परिवार गांव जाने के लिए निकले थे। गांव पहुंचने से पहले ही ये हादसा हो गया। गाड़ी का आगे का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त
मौके पर मौजूद होटल संचालक ईश्वर सिंह ने बताया-अचानक तेज धमाके जैसी आवाज हुई। देखा तो एक कार ट्रक से टकरा गई थी। हादसा इतना भीषण था कि कार का आगे का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। एएसआई बाबूलाल ने बताया-मृतकों के शव को मॉर्च्युरी में रखवा दिया है। परिजनों की रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। …. यह भी पढ़ें खाटूश्यामजी जा रहे लोगों की कार-ट्रक से भिड़ी,4 की मौत:गाड़ी के उड़े परखच्चे, चिपक गए शव; ओवरटेक करते समय हुआ हादसा जयपुर में एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की जान चली गई। रविवार को मनोहरपुर-दौसा नेशनल हाईवे पर रतनपुरा के पास एक कार और ट्रक की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और शव कार के सामने वाले हिस्से में चिपक गए। आगे की दोनों सीट पूरी तरह से टूट कर गिर गई। कार के अगले हिस्से के अंदर खून बिखर गया। (यहां पढ़ें पूरी खबर)


