करंट लगने से मासूम की मौत:नाले के पास खेल रही बच्ची ने करंट लगे एंगल को पकड़ा

आरके पुरम थाना क्षेत्र के कल्पना चावला सर्कल के पास एक दर्दनाक हादसे में 5 वर्षीय बच्ची की करंट लगने से मौत हो गई। बच्ची घर के बाहर खेल रही थी और खेलते-खेलते पास के नाले के किनारे पहुंच गई, जहां बिजली के खंभे के पास लोहे का एंगल रखा हुआ था। खेल-खेल में बच्ची ने जब उस एंगल को पकड़ लिया, तो उसमें करंट होने से वह चिपक गई और मौके पर ही गिर पड़ी। बच्ची के पिता ने बताया कि उनका नाम साइना बागड़ी है और बच्ची 15–20 मिनट तक घर के आसपास दिखाई नहीं दी तो परिजनों ने तलाश शुरू की। इस दौरान वह नाले के पास अचेत अवस्था में पड़ी मिली। परिजन तुरंत उसे लेकर कोटा मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सबसे बड़ा सवाल यह है कि खंभे के पास मौजूद लोहे के एंगल में करंट आया कैसे? बच्ची के पिता ने बताया कि वह खुद बिजली कंपनी में काम करते हैं और पिछले तीन महीने से इसी जगह ट्रांसफार्मर के निर्माण कार्य के दौरान चौकीदारी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पहले भी कई बार उस क्षेत्र में करंट आने की शिकायत उन्होंने कंपनी और जिम्मेदारों को दी थी। पहले थोड़ी मरम्मत की गई थी, लेकिन बाद में किसी ने ध्यान नहीं दिया, जिसकी लापरवाही ने आज उनकी छोटी बच्ची की जान ले ली। परिवार का कहना है कि वह इसी स्थान पर अपने पूरे परिवार के साथ रहते और चौकीदारी करते हैं, जहाँ बिजली का काम जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *