नीमच में ‘साप्ताहिक जैविक हाट बाजार’ शुरू:कलेक्टर ने किया शुभारंभ, नागरिकों को मिलेंगे शुद्ध उत्पाद

नीमच शहर में नागरिकों के स्वास्थ्य और प्राकृतिक उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘साप्ताहिक जैविक हाट बाजार’ का शुभारंभ किया गया। जिला प्रशासन, नगर पालिका और कृषि विभाग के संयुक्त प्रयासों से यह बाजार शनिवार को दशहरा मैदान में शुरू हुआ। इसका लक्ष्य शहरवासियों को सीधे किसानों से उच्च गुणवत्ता वाले, रसायनमुक्त और प्रमाणित जैविक उत्पाद उपलब्ध कराना है। कलेक्टर हिमांशु चन्द्रा ने फीता काटकर हाट बाजार का शनिवार दोपहर में विधिवत उद्घाटन किया। उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और जैविक उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए किसानों को प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर कृषि विभाग, जिला प्रशासन और नगर पालिका के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। यह जैविक हाट बाजार अब प्रत्येक शनिवार को सुबह 10 बजे से दशहरा मैदान में लगेगा। यहाँ शहरवासियों को एक ही स्थान पर शुद्ध, रसायनमुक्त और प्रमाणित जैविक उत्पाद मिलेंगे। बाजार में जैविक मसाले, ताज़ी सब्जियाँ, दालें, अनाज, गुड़, तेल, जैविक खाद और अन्य प्राकृतिक उत्पाद सीधे किसानों द्वारा बेचे जाएंगे। इससे उपभोक्ताओं को बिचौलियों के बिना उचित दामों पर गुणवत्तापूर्ण उत्पाद प्राप्त होंगे। उद्घाटन के बाद कलेक्टर हिमांशु चन्द्रा ने इस पहल के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह हाट बाजार न केवल नागरिकों के स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद है, बल्कि यह जैविक खेती को बढ़ावा देने और स्थानीय किसानों की आय बढ़ाने का भी एक प्रभावी माध्यम बनेगा। कलेक्टर ने बताया कि वर्तमान में दशहरा मैदान में अस्थायी व्यवस्था की गई है, जिसे भविष्य में स्थायी रूप दिया जाएगा। कलेक्टर ने जिले के किसानों से जैविक खेती अपनाने की अपील की, ताकि शहरवासियों को शुद्ध और रसायनमुक्त खाद्य सामग्री आसानी से मिल सके। इस पहल से जैविक उत्पादों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और प्राकृतिक खेती को नई दिशा मिलेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *