गृह रक्षा स्थापना दिवस पर शनिवार को दौसा जिले के गृह रक्षा अधिकारी एवं कार्मिकों को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। केन्द्रीय प्रशिक्षण संस्थान जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में राज्य के चयनित अधिकारियों, कार्मिकों एवं स्वयंसेयकों को यह अवार्ड प्रदान किए गए। गृह रक्षा दौसा के महवा उपकेंद्र के मानद प्लाटून कमांडर नगेंद्र मोहन शर्मा को गृह मंत्रालय केंद्र सरकार से वर्ष 2024 के लिए मनोनीत होने पर डीजी होमगार्ड्स द्वारा सम्मानित किया। 6 दिसम्बर की पूर्व संध्या पर ही गृह रक्षा महवा उपकेंद्र के मानद कंपनी कमांडर उदयभान सिंह का केंद्र सरकार गृह मंत्रालय द्वारा वर्ष 2025 के लिए कांस्य प्रशस्ति डिस्क एवं प्रशस्ति पत्र के लिए चयन किया गया। इसके अलावा इस वर्ष गृह रक्षा उप समादेष्टा अमन रुस्तगी को राज्य में ऑनलाइन नियोजन सॉफ्टवेयर लागू करने में उत्कृष्ट योगदान तथा आरक्षी नीलम कुमारी मीणा को खेल उपलब्धियों एवं राजकार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए डीजी होमगार्ड्स प्रशस्ति डिस्क मय प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया। साथ ही गृह रक्षा दौसा में भी जिला स्तरीय कार्यक्रम में प्रशिक्षण प्रभारी रोशनलाल पीसी द्वारा ध्वजारोहण एवं वर्ष पर्यन्त उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों एवं स्वयंसेवकों को समादेष्टा प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। बता दें गृह रक्षा स्थापना दिवस पर 7 दिवसीय कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।


