ठेकेदार से लूट के आरोपी गिरफ्तार:ठेकेदार से मांगी थी लिफ्ट, मना किया तो लिया लूट

कटनी पुलिस ने ठेकेदार से लूट के मामले का खुलासा किया है। कुठला पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने लिफ्ट न देने पर एक ठेकेदार से मोबाइल, सोने के आभूषण और नकदी लूट ली थी। कटनी पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने शनिवार को कंट्रोल रूम में प्रेस वार्ता कर इसकी जानकारी दी। यह घटना 31 अगस्त 2025 को हुई थी। पन्ना निवासी ठेकेदार विवेक शर्मा (54) अनूपपुर से अपनी कार से पन्ना जा रहे थे। रास्ते में कील फैक्ट्री के सामने पन्ना हाईवे रोड पर वे फ्रेश होने के लिए रुके। तभी पीछे से आए तीन लड़कों ने उनसे शाहनगर तक लिफ्ट मांगी। विवेक शर्मा ने लिफ्ट देने से मना कर दिया। इस पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए चाकू दिखाकर उन्हें धमकाया और उनका वन प्लस कंपनी का मोबाइल फोन, सोने की दो अंगूठियां, एक चेन और पर्स में रखे 8,000 रुपये लूटकर फरार हो गए। विवेक शर्मा ने 1 सितंबर 2025 को कुठला थाने में इसकी सूचना दी थी। कुठला पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने सुराग जुटाते हुए चार संदिग्धों को पकड़ा। इनकी पहचान अमर चौधरी (21), मोहनलाल चौधरी (32), संजय उर्फ कामता चौधरी (23) और धर्मेंद्र चौधरी (21) के रूप में हुई है। ये सभी शाहनगर, पन्ना के सुगरहा गांव के निवासी हैं। पूछताछ में चारों ने लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूटा गया वन प्लस मोबाइल, चेन, टाइटन कंपनी की हाथ घड़ी और 3,700 रुपये नकद बरामद किए हैं। घटना में इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने सोने की अंगूठियां गुदरी निवासी ब्रजेश सोनी को 38,000 रुपये में बेची थीं। पुलिस अब फरार आरोपी ब्रजेश सोनी की तलाश कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *