देवास में शनिवार को शिप्रा और लोहार पिपलिया के बीच हुए सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। एक डंपर ने बाइक पर सवार परिवार को टक्कर मार दी, जिसके बाद डंपर सड़क किनारे पलट गया। मृतक महिला की पहचान उज्जैन जिले के पिंगलेश्वर निवासी शबाना पति शाहरुख के रूप में हुई है। बाइक पर सवार कल्लो बी और उनका पौता शाहरुख गंभीर रूप से घायल हो गए। यह परिवार उज्जैन से इंदौर किसी काम से जा रहा था। घायलों का इलाज जारी है। हादसे के बाद डंपर चालक और क्लीनर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी है। रोड क्रॉस करते समय हादसा औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया ने बताया कि परिवार उज्जैन से इंदौर जा रहा था। रोड क्रॉस करते समय यह हादसा हुआ। परिवार को उज्जैन के रास्ते से ब्रिज से इंदौर जाना था, लेकिन वे नीचे के रास्ते पर आ गए थे। राष्ट्रीय राजमार्ग (एबी रोड) पर निर्माण कार्य के कारण जगह-जगह डिवाइडर तोड़कर कट पॉइंट बनाए गए हैं। पुलिस के अनुसार, शनिवार को हुआ हादसा भी डिवाइडर पार करने के दौरान ही हुआ। इन कट पॉइंट्स को बंद करने की आवश्यकता बताई जा रही है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।


