झालावाड़ के खानपुर में ‘न्याय आपके द्वार’ अभियान के तहत एक विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के इस विशेष अभियान के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, झालावाड़ की सचिव (अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश) शशि गजराना ने पंचायत समिति खानपुर में आमजन की समस्याओं को सुना और प्रार्थना पत्र प्राप्त किए। यह विशेष अभियान तीन माह तक चलेगा। इसमें डाक, टेलीफोन, बिजली-पानी, सफाई, परिवहन, स्वास्थ्य, बीमा, बैंकिंग, आवास, गैस और शैक्षणिक सेवाओं से संबंधित शिकायतें शामिल की गई हैं। सचिव गजराना ने बताया कि यह अभियान आमजन के लिए अत्यंत उपयोगी है। जिला मुख्यालय पर संचालित स्थायी लोक अदालत में जनोपयोगी सेवाओं से जुड़े विवादों का निराकरण किया जाता है। उन्होंने यह भी बताया कि नागरिक किसी भी समस्या या कमी के लिए सीधे राल्सा द्वारा जारी वॉट्सऐप नंबर पर शिकायत भेज सकते हैं। इसके बाद पैरालीगल वॉलंटियर शिकायतकर्ता से संपर्क कर आवश्यक दस्तावेज एकत्र करेंगे और रिपोर्ट तैयार करेंगे, जिससे शिकायतकर्ता को न्यायालय आने की आवश्यकता नहीं होगी। शिविर के दौरान एक वृद्धजन ने वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिलने की शिकायत की। इस पर तहसीलदार खानपुर को तत्काल नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। आमजन से प्री-लिटिगेशन और जनोपयोगी सेवाओं से जुड़े प्रार्थना पत्र भी भरवाए गए। पैरालीगल वॉलंटियर भरत कुमार और रामभरोस ने शिविर में हेल्प डेस्क स्थापित कर समस्याओं का पंजीकरण किया। इस अवसर पर उपखंड अधिकारी रजत कुमार विजयवर्गीय, तहसीलदार हेमराज कपूर, एएसआई दामोदर प्रसाद और कॉन्स्टेबल महेश यादव भी मौजूद थे।


