मण्डरायल उपखंड क्षेत्र के भटपुरा गांव में शनिवार को खाटूश्यामजी मंदिर की आधारशिला रखी गई। रोधई मार्ग स्थित इस स्थल पर धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ हुए इस कार्यक्रम में दर्जनों साधु-संतों और सैकड़ों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। वेदपाठी पंडितों ने मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना संपन्न कराई। मंदिर का निर्माण लगभग 1 करोड़ 11 लाख रुपए की लागत से किया जाएगा। इसके निर्माण का टेंडर गुजरात की एक निजी कंपनी को दिया गया है। प्रस्तावित मंदिर परिसर में खाटूश्यामजी के अलावा भगवान भोलेनाथ, मां अंजनी, गणेश जी और बजरंग बली की प्रतिमाएं भी स्थापित की जाएंगी। मंदिर निर्माण कार्य सोनू सिंह भटपुरा और स्थानीय आमजन के सहयोग से हो रहा है। आधारशिला समारोह के दौरान श्रद्धालुओं ने खाटूश्यामजी के जयकारे लगाए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि यह मंदिर क्षेत्र में आध्यात्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।


