ग्वालियर में घरेलू विवाद में पति ने अपनी पत्नी की कैंची से नाक काट दी। आरोपी पति वारदात के बाद उसे लहूलुहान छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना शनिवार दोपहर की है। घायल पत्नी को उसकी जेठानी अस्पताल लेकर गईं, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मामले की सूचना मिलने पर महिला के बयान दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। महाराजपुरा थाना क्षेत्र के भारत मार्केट के पास रहने वाली पूनम तोमर के साथ यह वारदात हुई। उनके पति धर्मेंद्र ने पत्नी से हुए विवाद के बाद मारपीट की और नाक काट दी। धर्मेंद्र शराब पीने का आदी है और अक्सर पूनम के साथ विवाद करता रहता है। घटना के बाद वह पूनम को घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गया। पूनम को उनकी जेठानी ट्रामा सेंटर ले गईं, जहां उनका उपचार चल रहा है। झूठ बोलकर की शादी, हम निभा रहे थे
महिला की बहन पूजा ने बताया कि पहले तो इन्होंने कई झूठ बोलकर शादी कर ली। अब बहन को पसंद नहीं आने का कहकर विवाद करने लगे। हम यही सोच रहे थे कि शादी हो गई तो निभा लें। पूजा ने बताया कि पूनम का पति प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है। ये दो भाई हैं। एक ही कॉलोनी में अलग-अलग रहते हैं। आज 12 बजे यह घटनाक्रम हुआ। जिसका पता सबसे पहले पूनम की जेठानी को चला और वे पूनम को लेकर सीधे अस्पताल पहुंचे जहां उसका इलाज शुरू करवाया। सूचना मिलते ही मैं भी वहां पहुंच गई। पूनम के ससुर विश्वनाथ सिंह का निधन लगभग एक माह पूर्व हार्ट अटैक से हो गया था। आरोपी पति की तलाश कर रहे
महाराजपुरा थाने के एसआई सौरभ श्रीवास्तव ने इस मामले में बताया कि उन्हें एक महिला की नाक पर धारदार चीज से कटने की जानकारी मिली थी। पुलिस ने आरोपी पति की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।


