उत्तर प्रदेश पुलिस पर हमले के 2 आरोपी गिरफ्तार:पुलिस ने दबिश देकर हिस्ट्रीशीटर और साथी को 15 घंटे में दबोचा

डीग थाना पुलिस ने उत्तर प्रदेश पुलिस पर हमला करने के दो मुख्य आरोपियों को 15 घंटे के भीतर शनिवार गिरफ्तार कर लिया है। इनमें एक हिस्ट्रीशीटर भी शामिल है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मुख्य आरोपी सुनहरी ठाकुर और उसका साथी मंशो ठाकुर शामिल हैं। ये दोनों इकलहरा गांव के निवासी हैं। सुनहरी ठाकुर डीग थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उस पर पुलिस पर फायरिंग सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं। यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश मीना के निर्देशन, एएसपी अकलेश शर्मा और डिप्टी एसपी सीताराम बैरवा के सुपरविजन में थानाधिकारी रामनरेश मीणा के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम ने गोवर्धन पुलिस पर मारपीट और पथराव के इन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। थानाधिकारी रामनरेश मीणा ने बताया कि शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के गोवर्धन थाना पुलिस अपहरण के एक मामले के आरोपी अमित ठाकुर को पकड़ने इकलहरा गांव पहुंची थी। वहां 15-20 लोगों ने पुलिस पर पथराव कर हमला कर दिया और आरोपी अमित ठाकुर को छुड़ा लिया। इस हमले में यूपी पुलिस के उपनिरीक्षक नितिन त्यागी घायल हो गए। आरोपियों ने एसआई का मोबाइल और पर्स भी छीन लिया था। गोवर्धन पुलिस ने इस संबंध में नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस की विशेष टीम ने तकनीकी और मानवीय इनपुट के आधार पर शनिवार अलसुबह आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने इकलहरा के जंगल मार्ग स्थित एक मकान को घेरा। यहां मंशो ठाकुर को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि सुनहरी ठाकुर छत से कूदकर भागने की कोशिश करते समय पकड़ा गया। इस दौरान उसके पैर में चोट भी आई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर गवर्नमेंट अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें थाने लाकर गहन पूछताछ की गई। इसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब इन दोनों से अन्य नामजद आरोपियों के बारे में पूछताछ कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *