डीग कोतवाली थाना प्रभारी रामनरेश मीणा ने शनिवार देर शाम 7:30 बजे अतिक्रमण के खिलाफ फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान उन्होंने दुकानदारों को अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी दी। थाना प्रभारी मीणा ने दुकानदारों से अपनी दुकानों के बाहर सामान नहीं रखने को कहा। उन्होंने समझाया कि दुकान के बाहर सामान रखने से वाहन ड्राइवरों को परेशानी होती है और यातायात बाधित होता है। यह फ्लैग मार्च डीग कोतवाली से शुरू होकर मुख्य बाजार, घंटाघर, लोहा मंडी, नई सड़क, मेला मैदान और पुरानी अनाज मंडी से होते हुए कोतवाली पर समाप्त हुआ। रामनरेश मीणा ने स्पष्ट किया कि यदि दुकानदार चेतावनी के बाद भी दुकानों के आगे सामान रखकर जाम की स्थिति पैदा करते हैं, जिससे वाहनों को निकलने में परेशानी होती है, तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस फ्लैग मार्च में थाना प्रभारी रामनरेश मीणा के साथ एसआई मंगतूराम, एसआई अमर सिंह, कॉन्स्टेबल बजरंग, कॉन्स्टेबल देवेंद्र और कॉन्स्टेबल अजीत सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।


