बड़वानी जिला शिक्षा केंद्र में सामग्री खरीद में गड़बड़ी की शिकायतों के बाद कलेक्टर जयति सिंह ने शनिवार को जांच दल का गठन किया है। यह दल 15 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट कलेक्टर को सौंपेगा। वित्तीय वर्ष 2024-25 (1 अप्रैल 2024 से अब तक) की अवधि में हुई सामग्री खरीद को लेकर लगातार सवाल उठ रहे थे और कलेक्टर को अनियमितताओं की शिकायतें मिल रही थीं। कलेक्टर ने इन शिकायतों को गंभीरता से लिया है। जांच की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए दो वरिष्ठ अधिकारियों को इस दल में शामिल किया गया है। अपर कलेक्टर केके मालवीय और जिला कोषालय अधिकारी जेसी वर्मा इस जांच दल के सदस्य हैं। गठित दल को निर्देश दिए गए हैं कि वे 1 अप्रैल 2024 से वर्तमान तक शिक्षा केंद्र बड़वानी द्वारा की गई सभी सामग्रियों की खरीद का विस्तृत परीक्षण करें। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


